SGST संग्रह में हरियाणा का दमदार प्रदर्शन, 26 प्रतिशत की वृ्द्धि के साथ देश में हासिल किया दूसरा स्थान
हरियाणा ने सितंबर तक नेट एसजीएसटी संग्रह की वृद्धि दर में देश में दूसरा स्थान हासिल किया है। अप्रैल-सितंबर के दौरान राज्य का नेट एसजीएसटी संग्रह 29,108 करोड़ रुपये रहा।
-1790943137657_m.webp)
SGST संग्रह में हरियाणा को मिला दूसरा स्थान। फाइल फोटो
HighLights
हरियाणा एसजीएसटी संग्रह वृद्धि दर में देश में दूसरे स्थान पर।
अप्रैल-सितंबर में 29,108 करोड़ रुपये का नेट एसजीएसटी संग्रह।
आर्थिक गतिविधियों की मजबूती और कर अनुपालन में सुधार का परिणाम।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा ने राज्य वस्तु एवं सेवा कर (एसजीएसटी) के संग्रह में मजबूत वृद्धि दर्ज करते हुए सितंबर तक नेट एसजीएसटी संग्रह की वृद्धि दर के मामले में देश में दूसरा स्थान हासिल किया है। अप्रैल-सितंबर के दौरान राज्य का नेट एसजीएसटी संग्रह 29,108 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल अप्रैल-सितंबर में यह 23,058 करोड़ रुपये था। इस प्रकार पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में लगभग 26 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
सितंबर में राज्य के नेट एसजीएसटी संग्रह में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। इस दौरान जीएसटी संग्रह 4445 करोड़ रुपये रहा, जबकि सितंबर 2025 में यह 3884 करोड़ रुपये था। इस प्रकार वर्ष-दर-वर्ष लगभग 14 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि कर राजस्व में यह वृद्धि राज्य में आर्थिक गतिविधियों की मजबूती तथा कर अनुपालन में सुधार के लिए आबकारी एवं कराधान विभाग द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों को दर्शाती है।
विभाग द्वारा आंकड़ा विश्लेषण, प्रौद्योगिकी आधारित निगरानी और लक्षित कर अनुपालन उपायों के माध्यम से संभावित राजस्व हानि की पहचान करने तथा कर अनुपालन को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग स्वैच्छिक कर अनुपालन, पारदर्शी एवं प्रौद्योगिकी आधारित कर प्रशासन को बढ़ावा देने के साथ-साथ करदाताओं के लिए अनुकूल वातावरण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
