हरियाणा के पटवारियों को बड़ा तोहफा, ट्रेनिंग के दौरान अब मिलेगा 19 हजार से अधिक वेतन; जनवरी 2025 से मिलेगा एरियर
हरियाणा सरकार ने नव-चयनित पटवारियों के प्रशिक्षण अवधि के मानदेय में वृद्धि की है। अब उन्हें 10 हजार के बजाय ...और पढ़ें
-1792258223810_m.webp)
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। फाइल फोटो
HighLights
पटवारियों का प्रशिक्षण मानदेय 10 हजार से बढ़कर 19,900 हुआ।
संशोधित वेतन का एरियर 1 जनवरी 2025 से मिलेगा।
हरियाणा राजस्व पटवारी सेवा नियमों में संशोधन किया गया।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में नव-चयनित पटवारियों को अब प्रशिक्षण अवधि के दौरान 10 हजार रुपये मासिक मानदेय के स्थान पर 19 हजार 900 रुपये का प्रारंभिक वेतन मिलेगा। पात्र पटवारियों को एक जनवरी 2025 से ज्वाइनिंग तिथि के आधार पर एरियर दिया जाएगा।
प्रदेश सरकार ने हरियाणा राजस्व पटवारी सेवा नियम 2011 में संशोधन के बाद हरियाणा राजस्व पटवारी (ग्रुप-सी) सेवा (संशोधन) नियम 2026 अधिसूचित किए हैं। संशोधित नियमों के तहत पिछले साल एक जनवरी से प्रशिक्षण अवधि में पटवारियों को एफपीएल-2 में प्रारंभिक वेतन देय होगा।
पटवार प्रशिक्षण स्कूल में ज्वाइन करने वाले नव-चयनित पटवारियों को उनकी ज्वाइनिंग तारीख से संशोधित वेतन दिया जाएगा। प्रशिक्षण स्कूल में एक जनवरी 2025 के बाद दाखिला लेने वाले पटवारियों को ज्वाइनिंग तारीख से प्रारंभिक वेतन मिलेगा। अन्य नव-चयनित पटवारियों की ज्वाइनिंग तारीख एक जनवरी 2025 मानी जाएगी और उन्हें भी इसी तारीख से वेतन का एरियर दिया जाएगा।
प्रारंभिक वेतन का लाभ देने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी
भू-अभिलेख निदेशालय ने अधिकारियों को नियमित नियुक्ति के लिए भेजे गए नव-चयनित पटवारियों की सूची का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले पटवारियों की सूची से मिलान करने के निर्देश दिए हैं। इसके आधार पर संशोधित नियमों के तहत पात्र पटवारियों को प्रारंभिक वेतन का लाभ देने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
पत्र की प्रतियां राज्य के सभी उपायुक्तों, हरियाणा के प्रधान मुख्य वन संरक्षक, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के निदेशक, नगर निगम गुरुग्राम, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, चकबंदी विभाग, नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग तथा लोक निर्माण विभाग (भवन एवं सड़कें) के संबंधित अधिकारियों को भेजी गई हैं।
