विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'नशा मुक्त हरियाणा; युवाओं के भविष्य को बचाना', CM नायब सैनी ने तय किए 7 बड़े संकल्प

Published: Tue, 13 Oct 2026 07:00 PM (IST)

हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में युवाओं को नशे से बचाने के लिए 'संकल्प' सोसायटी के तहत सात संकल्पों पर निर्णायक अभियान चलाएगी।

हरियाणा में नशे के खिलाफ निर्णायक जंग, सात संकल्पों पर होगा काम।

हरियाणा में नशे के खिलाफ निर्णायक जंग, सात संकल्पों पर होगा काम।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री सैनी ने नशे के खिलाफ सात संकल्पों पर जोर दिया।

  2. 'संकल्प' सोसायटी करेगी निर्णायक अभियान का नेतृत्व और निगरानी।

  3. नशा मुक्त हरियाणा बनाना, युवाओं के भविष्य को बचाना लक्ष्य।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा को नशामुक्त बनाने और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए सरकार निर्णायक अभियान चलाएगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सात संकल्पों पर काम करने के निर्देश दिए हैं।

मंगलवार को ‘संकल्प’ सोसायटी की पहली बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

संकल्पों के तहत ड्रग मुक्त थाना क्षेत्र और तस्कर मुक्त जिला बनाने, नशे की गोलियों से मुक्त केमिस्ट शाप सुनिश्चित करने, परिवारों का सहयोग लेने तथा इलाज की सुविधा वाले अस्पताल तैयार करने पर जोर रहेगा। स्कूलों में जागरूकता और काउंसलिंग, सुरक्षित शैक्षणिक माहौल तथा युवाओं के लिए खेल और सकारात्मक गतिविधियों के विकल्प भी अभियान का हिस्सा होंगे।

नशा मुक्त हरियाणा, युवाओं के भविष्य को बचाना: CM सैनी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प ‘नशा मुक्त हरियाणा, युवाओं के भविष्य को बचाना’ है। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्रवाई केवल नशा बेचने वालों तक सीमित न रहे। नशीले पदार्थों की आपूर्ति के स्रोत और तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क का पता लगाकर पुलिस के सहयोग से जांच और कानूनी कार्रवाई की जाए।

‘संकल्प’ सोसायटी को हर माह काम के ठोस नतीजे पेश करने होंगे। नशे की उपलब्धता घटाने, युवाओं को उपचार से जोड़ने और उन्हें दोबारा नशे की ओर लौटने से रोकने में हुई प्रगति का आकलन किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने हर स्तर पर जवाबदेही तय करने को कहा।

बैठक में इन लोगों ने भी रखे अपने विचार

उन्होंने कहा कि मैराथन, साइक्लोथोन और अन्य जागरूकता गतिविधियों के साथ स्थायी समाधान पर ध्यान देना जरूरी है। सोसायटी यह निगरानी करेगी कि कितने युवाओं को नशा मुक्ति केंद्रों तक पहुंचाया गया, कितनों ने उपचार पूरा किया और उपचार के बाद उनकी स्थिति कैसी रही। निरंतर निगरानी, पुनर्वास और परिवार का सहयोग भी जरूरी होगा।

बैठक में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, गृह सचिव सुधीर राजपाल, स्वास्थ्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा, सूचना जनसंपर्क एवं भाषा विभाग के निदेशक डॉ. आदित्य दहिया, एडीजीपी संजय कुमार और सोसायटी के सीईओ ओपी सिंह ने भी विचार रखे।

कई विभाग मिलकर करेंगे काम

‘संकल्प’ सोसायटी के जरिए गृह, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, महिला एवं बाल विकास समेत संबंधित विभागों में तालमेल बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवारों, शिक्षकों, पंचायतों, सामाजिक संस्थाओं और जनप्रतिनिधियों की भागीदारी से युवाओं को सही दिशा और अवसर देने होंगे। सरकार का लक्ष्य स्वस्थ, जागरूक और आत्मनिर्भर युवा तथा नशामुक्त समाज बनाना है।