हरियाणा में तीन IAS अधिकारियों के बदले विभाग, निखिल गजराज बने परिवहन महानिदेशक
हरियाणा में तीन आईएएस अधिकारियों के विभागों में बदलाव किया गया है, जिसमें निखिल गजराज परिवहन महानिदेशक बने हैं।

आईएएस अजय कुमरा और निखिल गजराज (फाइल फोटो)
HighLights
निखिल गजराज बने हरियाणा परिवहन विभाग के महानिदेशक
मुकुल कुमार को सामाजिक न्याय विभाग की जिम्मेदारी मिली
अजय कुमार मुख्यमंत्री के उप प्रधान सचिव नियुक्त हुए
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में तीन आइएएस अधिकारियों के विभागों में बदलाव हुआ है। केंद्र सरकार से प्रतिनियुक्ति से वापस लौटे निखिल गजराज को परिवहन विभाग का महानिदेशक बनाया गया है। मुकुल कुमार को सामाजिक न्याय विभाग की जिम्मेदारी मिली है, जबकि अजय कुमार को मुख्यमंत्री का उप प्रधान सचिव द्वितीय नियुक्त किया गया है।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी द्वारा शनिवार को जारी आदेश के अनुसार धीरेंद्र खड़गटा को परिवहन महानिदेशक पद से हटाकर निखिल गजराज को परिवहन विभाग की कमान सौंपी गई है।
मुकुल कुमार को सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग के निदेशक और विशेष सचिव का दायित्व दिया गया है। इसके अलावा वे मुख्यमंत्री परिवार उत्थान योजना के मिशन निदेशक, गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड के प्रबंध निदेशक तथा हरियाणा आतिथ्य विभाग के निदेशक एवं विशेष सचिव भी होंगे। अभी तक यह जिम्मेदारी अजय कुमार संभाल रहे थे।
अजय कुमार को मुख्यमंत्री का उप प्रधान सचिव-द्वितीय नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें मुख्य प्रशासक हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण पंचकूला तथा प्रबंध निदेशक हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन लिमिटेड की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।
