विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के सरकारी अस्पतालों को जल्द मिलेंगे 430 नए डॉक्टर, नियुक्ति पत्र जारी

Published: Mon, 07 Sep 2026 07:10 PM (IST)

हरियाणा के सरकारी अस्पतालों को जल्द ही 430 नए डॉक्टर मिलेंगे, स्वास्थ्य विभाग ने नवचयनित चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र जारी कर दिए हैं।

सरकारी अस्पतालों को जल्द मिलेंगे 430 नए डॉक्टर।

सरकारी अस्पतालों को जल्द मिलेंगे 430 नए डॉक्टर।

HighLights

  1. हरियाणा को मिले 430 नए सरकारी डॉक्टर।

  2. स्वास्थ्य विभाग ने जारी किए नियुक्ति पत्र।

  3. विशेषज्ञ सेवाएं होंगी मजबूत, ग्रामीण स्वास्थ्य सुधरेगा।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के सरकारी अस्पतालों को जल्द ही 430 नए डाक्टर मिलेंगे। हाल ही में आयोजित विधानसभा के मानसून सत्र में सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी का मुद्दा उठा था। इस पर एक्शन लेते हुए सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने सभी नवचयनित चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र जारी कर दिए।

इन नियुक्तियों में सर्जरी में 11, एनेस्थीसिया में 18, आर्थोपेडिक्स में 19, पीडियाट्रिक्स (बच्चों के रोग) में 19, साइकियाट्री (मानसिक रोग) में चार, आप्थल्मोलाजी (आंखों के रोग) में 11, आब्सटेट्रिक्स और गायनेकोलाजी (प्रसूति और स्त्री रोग) में 16, पैथोलाजी में 18 और फार्माकोलाजी में चार चिकित्सा अधिकारी शामिल हैं।

इसी तरह बायोकेमिस्ट्री में एक, रेडिएशन आन्कोलाजी में तीन, मेडिसिन में 14, माइक्रोबायोलाजी में एक, रेस्पिरेटरी मेडिसिन में चार, रेडियो डायग्नोसिस में चार, फैमिली मेडिसिन में दो, फोरेंसिक मेडिसिन में पांच, डर्मेटोलाजी (त्वचा रोग) में तीन, कम्युनिटी मेडिसिन में छह और ईएनटी (कान, नाक, गला) में चार डॉक्टरों को नियुक्ति मिली है।

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बताया कि 430 मेडिकल आफिसर्स की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इससे जिला और सब-डिविजनल सिविल अस्पतालों में स्पेशलिस्ट डाक्टर उपलब्ध होंगे। एमबीबीएस मेडिकल आफिसर्स कम्युनिटी और प्राइमरी हेल्थ सेंटर्स में इलाज की व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

नए भर्ती हुए डाक्टर कई महत्वपूर्ण मेडिकल क्षेत्रों में विशेषज्ञता रखते हैं, जिससे सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में स्पेशलिस्ट सेवाओं का और विस्तार होगा। डॉक्टरों की पोस्टिंग इस तरह से तय की गई है कि नए मेडिकल स्टाफ का ज्यादा से ज्यादा फायदा मिल सके और सेकेंडरी लेवल के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में स्पेशलिस्ट सेवाओं को मजबूत किया जा सके।

उन्होंने बताया कि जमीनी स्तर पर एमबीबीएस मेडिकल ऑफिसर्स सीएचसी और पीएचसी में खाली पदों को भर रहे हैं। इससे डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी और शहरी व ग्रामीण दोनों समुदायों को बेहतर हेल्थकेयर सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी। नए नियुक्त मेडिकल ऑफिसर्स से उम्मीद है कि वे नियुक्ति पत्र मिलने के 15 दिनों के भीतर अपनी तय जगहों पर रिपोर्ट करेंगे।