हरियाणा HERC का कौन बनेगा अध्यक्ष, पद के लिए मिले 78 आवेदन; राजपाल-गुप्ता और वुंडरू प्रबल दावेदार
हरियाणा विद्युत नियामक आयोग (एचईआरसी) के अध्यक्ष पद के लिए गृह सचिव सुधीर राजपाल, पूर्व प्रधान सचिव अरुण गुप्ता और सेवानिवृत्त आईएएस राजा शेखर वुंडरू प्रमुख दावेदार हैं।
-1791274342119_m.webp)
हरियाणा विद्युत नियामक आयोग (फाइल फोटो)
HighLights
एचईआरसी अध्यक्ष पद के लिए राजपाल, गुप्ता, वुंडरू प्रमुख दावेदार।
हरियाणा विद्युत नियामक आयोग अध्यक्ष पद हेतु 78 आवेदन प्राप्त हुए।
ऊर्जा विभाग समिति करेगी शॉर्टलिस्ट, अगले माह नियुक्ति संभव।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के गृह सचिव सुधीर राजपाल, हाल ही में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव पद से सेवानिवृत्त हुए अरुण गुप्ता और सेवानिवृत्त आइएएस राजा शेखर वुंडरू हरियाणा विद्युत नियामक आयोग (एचईआरसी) का अध्यक्ष बनने की दौड़ में हैं।
एचईआरसी चेयरमैन बनने के लिए कई सेवानिवृत्त नौकरशाहों और न्यायाधीशों सहित कुल 78 लोगों ने आवेदन किया है। ऊर्जा विभाग की कमेटी उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट कर नाम चयन समिति को पैनल भेजेगी, जिसके बाद अगले महीने तक नियुक्ति संभव है।
हरियाणा विद्युत नियामक आयोग के अध्यक्ष नंदलाल शर्मा का बीती 23 जुलाई को निधन हो गया था। तभी से अध्यक्ष का पद रिक्त है। इस पद पर नियुक्तियों के लिए राज्य सरकार ने आवेदन मांगे थे।
पहले आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर रखी गई थी, जिसे बाद में बढ़ाकर पांच अक्टूबर की शाम पांच बजे तक कर दिया गया। इस पद के लिए ऊर्जा, इंजीनियरिंग, वित्त एवं वाणिज्य, अर्थशास्त्र, कानून व प्रबंधन क्षेत्र से जुड़ा होना जरूरी है।
गृह सचिव सुधीर राजपाल 30 नवंबर को सेवानिवृत्त होने हैं, जबकि अरुण गुप्ता विगत 30 सितंबर को सेवानिवृत्त हुए हैं। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की तर्ज पर अरुण गुप्ता को एक साल की एक्सटेंशन देने के लिए प्रदेश सरकार ने प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा था, लेकिन इसे स्वीकृति नहीं मिल पाई। ऐसे में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से नजदीकियों के चलते अरुण गुप्ता को एचईआरसी चेयरमैन बनने के लिए सबसे प्रबल दावेदार माना जा रहा है।
