बिजनेस ग्रोथ का ग्लोबल प्लान, निवेश के लिए सिंगापुर जाएगी हरियाणा सरकार; 5 नए शहरों के लिए मॉडल का होगा अध्ययन
हरियाणा सरकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में 1 से 8 अक्टूबर तक सिंगापुर का दौरा करेगी। यह प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ 2026 में हिस्सा लेगा।
-1790249874887_m.webp)
निवेश के लिए सिंगापुर जाएगी हरियाणा सरकार। फाइल फोटो
HighLights
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर जाएगा।
सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ 2026 में हरियाणा निवेश अवसर प्रस्तुत करेगा।
केएमपी एक्सप्रेसवे के पास पांच नए शहरों के लिए अध्ययन होगा।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार प्रदेश में बिजनेस ग्रोथ (बढ़ाने) को अगले स्तर पर ले जाने और आधुनिक शहरी ढांचे को नया रूप देने की तैयारी में है। इसी रणनीति के तहत मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में राज्य का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल एक से आठ अक्टूबर तक सिंगापुर के दौरे पर जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (सिंग) 2026 में हिस्सा लेने के साथ विदेशी निवेशकों से मुलाकात करेगा और हरियाणा में निवेश की संभावनाएं सामने रखेगा।
हरियाणा सरकार के लिए यह दौरा इसलिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि प्रदेश में औद्योगिक विस्तार के लिए नीतिगत स्तर पर तैयारी की जा चुकी है। हाल ही में अलग-अलग क्षेत्रों के लिए दस उद्योग नीतियां लागू की गई हैं।
अब इन नीतियों को अंतरराष्ट्रीय निवेशकों तक ले जाने और हरियाणा में पूंजी, तकनीक तथा नए कारोबार लाने पर जोर रहेगा। मुख्यमंत्री इससे पहले जापान का दौरा भी कर चुके हैं। सिंगापुर दौरे को इसी निवेश संपर्क की अगली कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
दोनों से प्रस्तावित 5 नए शहर भी शामिल
प्रतिनिधिमंडल में मुख्यमंत्री के साथ उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह, मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर, प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के आयुक्त एवं सचिव डा. अमित कुमार अग्रवाल तथा विदेश सहयोग विभाग के आयुक्त एवं सचिव अशोक कुमार मीणा समेत कई अधिकारी शामिल होंगे।
बिजनेस विस्तार की इस रणनीति का एक अहम हिस्सा केएमपी एक्सप्रेसवे के दोनों ओर प्रस्तावित पांच नए शहर भी हैं। सरकार इन शहरों को उद्योग, निवेश, आवास और परिवहन के लिहाज से विकसित करने के लिए सिंगापुर की नगरीय व्यवस्था का अध्ययन करेगी। मकसद यह समझना है कि आर्थिक गतिविधियों के आसपास किस तरह सुनियोजित शहर और बुनियादी ढांचा खड़ा किया जा सकता है।
अरुण गुप्ता के सेवा विस्तार को लेकर तस्वीर लगभग साफ
प्रतिनिधिमंडल में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता की मौजूदगी प्रशासनिक लिहाज से महत्वपूर्ण है। उनका मौजूदा कार्यकाल 30 सितंबर को पूरा हो रहा है। उनके सेवा विस्तार की फाइल हरियाणा सरकार की ओर से केंद्र सरकार के पास भेजी जा चुकी है। गुप्ता का मुख्यमंत्री के साथ सिंगापुर दौरे में शामिल होना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि उनका सेवा विस्तार तय है।
