Move to Jagran APP

स्‍कूलों में क्विज प्रतियोगिता पर घिरी हरियाणा सरकार, गलत जवाब व विवादित प्रश्‍न

हरियाणा सरकार द्वारा राज्‍य के गोल्‍डन जुबली के अवसर पर स्‍कूलों में शुरू की गई क्विज प्रतियोगिता विवादों में घिर गई है। इसमें कई आधे-अधूरे सवाल और गलत जवाब हैं।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Wed, 18 Oct 2017 12:35 PM (IST)Updated: Wed, 18 Oct 2017 12:35 PM (IST)
स्‍कूलों में क्विज प्रतियोगिता पर घिरी हरियाणा सरकार, गलत जवाब व विवादित प्रश्‍न
स्‍कूलों में क्विज प्रतियोगिता पर घिरी हरियाणा सरकार, गलत जवाब व विवादित प्रश्‍न

जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा की स्‍वर्ण जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में बच्चों के सामान्य और राजनीतिक ज्ञान में बढ़ोतरी के लिए आरंभ की गई क्विज प्रतियोगिता विवादों में घिर गई है। हरियाणा दिवस तक चलने वाली इस प्रतियोगिता के लिए शिक्षा विभाग ने 126 पेज की ऐसी प्रश्नावली जारी की है, जिसमें कई सवाल विरोधी राजनीतिक दलों को खटक रहे हैं। हर सवाल के चार जवाब दिए गए हैं और साथ ही सही उत्तर भी बताया गया है। इस क्विज के प्रश्‍नों के दिए गए उत्‍तर भी गलत हैं तो कई सवाल भी आधे-अधूरे व गलत हैं।

loksabha election banner

राज्य की गोल्डन जुबली पर स्कूलों में हो रही क्विज में पूछे जा रहे अधकचरे सवाल, दिए गए जवाब गलत

शिक्षा विभाग की इस प्रश्नावली में करीब तीन दर्जन सवाल ऐसे हैं, जो राजनेताओं के व्यक्तिगत जीवन से जुड़े हैं। कई सवाल सीधे तौर पर विपक्षी राजनीतिक दलों कांग्रेस और इनेलो की कार्य प्रणाली पर सवाल उठाते हैं। सत्तारूढ़ भाजपा के कार्यकाल में आरंभ हुई नई योजनाओं और राज्य के प्रशासनिक ढांचे से जुड़े सवालों को भी इस प्रश्नावली में जोड़ा गया है।

क्विज के लिए सवालों के जवाब के अनुसार, प्रदेश में 15 मंत्री और 91 विधायक

शिक्षा विभाग के इस प्रयास की आरंभ में सराहना तो हुई, लेकिन विवादित सवालों और कई सवालों के गलत जवाब ने किए धरे पर पानी फेर दिया। प्रतियोगिता का एक सवाल हरियाणा में मंत्रियों की संख्या से जुड़ा है, जिसका सही जवाब 15 दिखाया गया है। साथ ही स्पष्ट भी किया गया कि हरियाणा में नौ कैबिनेट मंत्री और छह राज्य मंत्री हैं। जबकि, हकीकत यह है कि मुख्यमंत्री के अलावा आठ कैबिनेट मंत्री और पांच राज्य मंत्री हैं।

यह भी पढ़ें: हनी से प्रीत में बिखरता गया गुरमीत राम रहीम का डेरा

मुख्यमंत्री को भी यदि कैबिनेट मंत्रियों में जोड़ लिया जाए तो इनकी संख्या नौ बनती है, लेकिन राज्य मंत्री पांच ही हैं। यानी मंत्रियों की कुल संख्या 14 है। कैबिनेट में मंत्रियों की संख्या के सवाल पर हाईकोर्ट में केस चल रहा है। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में राव इंद्रजीत को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री बताया गया है, जबकि उनके पास योजना एवं रसायन व उर्वरक राज्य मंत्री का स्वतंत्र प्रभार है।

इतना ही नहीं, हरियाणा में विधायकों की संख्या 91 दिखाई गई है, जबकि राज्य की विधानसभा 90 सदस्यीय है। हरियाणा में चुने जाने वाले सांसदों की संख्या भी 15 बताई गई है, जबकि निर्वाचित सांसद 10 होते हैं। पांच राज्यसभा सांसद होते हैं।

हरियाणा विधानसभा की अध्यक्ष संतोष यादव को बताया गया है, जबकि वह उपाध्यक्ष हैं। प्रश्नावली में वास्तविक अध्यक्ष कंवरपाल गुर्जर का नाम चार वैकल्पिक जवाबों की सूची में शामिल नहीं है। केरोसीन फ्री हरियाणा में रोहतक को अभी भी इससे अछूता करार दिया गया है। हरियाणा के केरोसीन फ्री होने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की तारीफ कर चुके हैं।

हरियाणा ने दी बॉलीवुड को कई बड़ी हस्तियां

प्रश्नावली में फिल्म से जुड़े जितने सवाल पूछे गए हैं, उनके आधार पर हरियाणा की कई हस्तियां बालीवुड में अपनी सेवाएं दे रही हैं। इनमें गायक सोनू निगम व ऋचा शर्मा फरीदाबाद से, फिल्म अभिनेता मलिका सहरावत व रणदीप हुड्डा रोहतक से, दिवंगत सुनील दत्त यमुनानगर से, जूही चावला अंबाला से, राजकुमार राव गुरुग्राम से और फिल्म निर्माता सुभाष घई रोहतक जिले के हैं।

जयतीर्थ दहिया तीन वोटों से जीते, बताया एक वोट से

सोनीपत जिले के राई से कांग्रेस विधायक जयतीर्थ दहिया को मात्र एक वोट से जीता हुआ बताया गया है, जबकि उनकी जीत तीन वोट से हुई थी। प्रश्नावली के मुताबिक हरियाणा में पंडित ब्रह्मनंद को जाट गुरु माना जाता है, जबकि स्मार्ट सिटी बनने वाले शहर करनाल, फरीदाबाद, पानीपत व गुरुग्राम हैं।

राज्य में सूचना आयुक्त आठ, नाम सिर्फ नरेंद्र यादव का

राज्य सूचना आयुक्त के नाम के बारे में भी प्रश्नावली में पूछा गया है। जवाब में सिर्फ एक नाम नरेंद्र यादव का दिया गया है, जबकि राज्य में सूचना आयुक्तों की संख्या आठ है। मुख्य सूचना आयुक्त अलग से हैं।

विवादित क्विज प्रतियोगिता के सवालों की सूची साइट से हटाई

क्विज प्रतियोगिता के विवाद में आने के बाद शिक्षा विभाग ने अपनी साइट से इस प्रश्नावली को हटा दिया है। प्रतियोगिता पूरे राज्य में 16 अक्टूबर से आरंभ हो गई थी, जो 1 नवंबर तक चलनी है।

यह भी पढ़ें: हरियाणा में दीपावली पर यात्रियों के लिए बढ़ेंगे रोडवेज की बसों के फेरे


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.