Move to Jagran APP

National Flag: हरियाणा सरकार ने शुुरू की नई रीत, विपक्ष के नेता व सांसद-विधायक भी फहराएंगे तिरंगा

Independence Day हरियाणा सरकार इस बार स्‍वतंत्रता दिवस पर नई परंंपरा शुरू करने जा रही है। इस बार राज्‍य भर आयोजित समारोहों में सांसद और विधायक भी राष्‍ट्रीय ध्‍वज फहराएंगे। इसमें विपक्षी नेता भी राज्‍य में विभिन्‍न स्‍थानों पर तिरंगा फहराएंगे।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Tue, 09 Aug 2022 07:11 PM (IST)Updated: Tue, 09 Aug 2022 07:11 PM (IST)
National Flag: हरियाणा सरकार ने शुुरू की नई रीत,  विपक्ष के नेता व सांसद-विधायक भी फहराएंगे तिरंगा
हरियाणा में अब सांसद व विधायक भी राष्‍ट्रीय ध्‍वज फहराएंगे। (फाइल फोटो)

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा की भाजपा-जजपा गठबंधन की सरकार ने एक नई रीत शुरू की है और वह है सभी को आपस में जोड़कर चलने की। 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चला रही प्रदेश सरकार ने इस बार 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर सांसदों और विधायकों को भी तिरंगा फहराने का अवसर प्रदान किया है। इसमें भी खास बात यह है कि तिरंगा फहराने वाले नेताओं में विपक्ष के विधायक-सांसद भी शामिल होंगे।

loksabha election banner

 सीएम मनोहर लाल समालखा तो भूपेंद्र सिंह हुड्डा बेरी में करेंगे स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण

पूरे प्रदेश में 15 अगस्त को सुबह नौ बजे के तुरंत बाद ध्वजारोहण होंगे। इसके लिए केंद्र सरकार के मंत्रियों, राज्य सरकार के मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के अलावा प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पिछले दिनों सर्वदलीय बैठक बुलाई थी।

इसमें उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा और विपक्ष के पूर्व नेता अभय सिंह चौटाला भी शामिल हुए थे। उस कड़ी में मुख्यमंत्री ने इस अभियान से विपक्ष के नेताओं को जोड़कर अपनी बड़ी राजनीतिक सोच का परिचय दिया है।

सरकार ने सत्ता पक्ष के विधायकों और विपक्ष के सांसदों को दिया ध्वजारोहण करने का सम्मान

राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय 15 अगस्त को अंबाला छावनी में ध्वजारोहण करेंगे और शाम को चंडीगढ़ स्थित राजभवन में एट होम कार्यक्रम होगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल पानीपत जिले के समालखा में तिरंगा फहराएंगे। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला बहादुरगढ़ में, जबकि विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा बेरी में ध्वजारोहण करेंगे। गृह मंत्री अनिल विज रादौर में और नैना चौटाला गन्नौर में तिरंगा फहराएंगे। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा को खरखौदा में ध्वजारोहण के लिए आमंत्रित किया गया है।

विधानसभा में विपक्ष के पूर्व नेता अभय सिंह चौटाला पुन्हाना में और पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह हिसार में ध्वजारोहण करेंगे। पृथला के निर्दलीय विधायक नयनपाल रावत को गुरुग्राम में तिरंगा फहराने का अवसर प्रदान किया गया है। केंद्रीय मंत्री कृष्णपाल गुर्जर बल्लभगढ़, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह बावल, हलोपा विधायक गोपाल कांडा फतेहाबाद और विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता असंध में ध्वजारोहण करेंगे।

सांसद संजय भाटिया करनाल, सांसद धर्मबीर सिंह भिवानी में, राज्यसभा सदस्य डीपी वत्स झज्जर, सांसद रमेश कौशिक जींद, डिप्टी स्पीकर रणबीर गंगवा कलायत, राज्यसभा सदस्य कृष्णलाल पंवार महेंद्रगढ़, सांसद रतन लाल कटारिया कालका, सांसद डा. अरविंद शर्मा रोहतक, सांसद सुनीता दुग्गल डबवाली और राज्यसभा सदस्य कार्तिकेय शर्मा जगाधरी में ध्वजारोहण करेंगे।

-------

'सुनहरी अक्षरों में लिखा जाएगा सीएम का यह फैसला'

'' मुख्यमंत्री मनोहर लाल की सबको साथ लेकर चलने की यह सोच उन्हें सबसे अलग दिखाती है। हरियाणा के इतिहास में आज तक विधायकों को झंडा फहराने का मौका कभी नहीं मिला। लेकिन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पहली बार न केवल विधायकों और सांसदों को बल्कि विपक्ष के नेताओं को भी तिरंगा अभियान से जोड़कर यह संदेश दिया है कि राजनीतिक राहें भले ही अलग हों, लेकिन देश के प्रति प्रेम की सीमाओं में कोई बंधन नहीं होना चाहिए। सरकार का यह फैसला सुनहरी अक्षरों में लिखा जाएगा।

                                                                                 - सुदेश कटारिया, प्रवक्ता, हरियाणा भाजपा। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.