राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा पर हरियाणा सरकार का स्टैंड कायम, कहा- दंगाइयाें को घुसने की अनुमति नहीं
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा को लेकर हरियाणा सरकार अपने स्टैंड पर कायम है। हरियाणा सरकार ने कहा कि राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा को राज्य में अनुमति होगी लेकिन इसकी आड़ में दंगाइयों को आने की इजाजत नहीं होगी।
चंडीगढ़, जेएनएन। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के हरियाणा दौरे को लेकर सरकार अपने स्टैंड पर कायम है। प्रदेश सरकार को आशंका है कि हरियाणा के कांग्रेस नेता पंजाब की कांग्रेस सरकार के साथ मिलकर राहुल गांधी के दौरे के नाम पर प्रदेश का माहौल खराब कर सकते हैं। ऐसी कोशिश पहले भी वह दो बार कर चुके हैं। प्रदेश सरकार ने स्पष्ट किया है कि उसे राहुल गांधी के हरियाणा आगमन से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन यदि ट्रैक्टर यात्रा के बहाने से कांग्रेसियों ने दंगाइयों के जरिये प्रदेश का माहौल खराब करने की कोशिश की है कि उसकी अनुमति नहीं दी जा सकती।
अनिल विज ने कहा- राहुल गांधी को मनाही नहीं, दंगाइयों को हरियाणा में घुसने की इजाजत नहीं
चंडीगढ़ में मीडियाकर्मियों से बातचीत में हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राहुल गांधी के हरियाणा दौरे को लेकर अपना स्टैंड नहीं बदला है। पहले दिन से सरकार का स्टैंड स्पष्ट है। किसी भी नेता को हरियाणा आने का अधिकार है। राहुल गांधी भी यदि हरियाणा आना चाहें तो आ सकते हैं, लेकिन प्रदेश सरकार के पास सीआइडी के जरिये ऐसे इनपुट हैं, जिनके आधार पर आशंका जताई जा सकती है कि पंजाब सरकार के साथ मिलकर हरियाणा के कांग्रेस नेता यहां का माहौल खराब करने की कोशिश कर सकते हैं। ट्रैक्टर यात्रा में ऐसे दंगाइयों को शामिल किया जा सकता है, जो हरियाणा में उत्पात मचा सकते हैं। इसकी अनुमति सरकार किसी सूरत में नहीं दे सकती।
प्रदेश सरकार को मिला पंजाब सरकार के साथ मिलकर हरियाणा की शांति भंग करने का इनपुट
गृह मंत्री विज ने कहा, हमने राहुल गांधी को पहले भी हरियाणा आने से नहीं रोका और आगे भी नहीं रोकेंगे। कोई भी हरियाणा में आ सकता है। हम भी हरियाणा से बाहर दूसरे राज्यों में जा सकते हैं, लेकिन बिना मुद्दों की राजनीति के बहाने पंजाब सरकार की कोशिश है कि बरोदा चुनाव से पहले हरियाणा की शांति भंग कर दी जाए।
विज ने एक सवाल के जवाब में कहा कि गृह विभाग और पुलिस विभाग की मीटिंग में तय किया जा रहा है कि दंगाइयों पर किस तरह से नियंत्रण पाया जा सकता है। इसके लिए राहुल गांधी के रूट प्लान का अध्ययन किया जा रहा है। राहुल गांधी और उनके साथ वरिष्ठ नेता हरियाणा में इंट्री कर सकते हैं, लेकिन ट्रैक्टर यात्रा को प्रदेश में घुसने की इजाजत किसी सूरत में नहीं मिलेगी।
ट्रैक्टर यात्रा के बहाने सरकार खराब नहीं होने देगी माहौल, विज ने की तैयारियों की समीक्षा
अनिल विज ने एक सवाल के जवाब में कहा कि केंद्र सरकार के तीनों कृषि विधेयक किसानों के हक में हैं। मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी करनाल में प्रगतिशील किसानों से बातचीत कर चुके हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, कृषि मंत्री जेपी दलाल और डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला समेत प्रदेश सरकार के मंत्री, विधायक, सांसद और केंद्रीय मंत्री किसानों को इन कृषि विधेयकों के फायदे बता रहे हैं। मंडियों में खरीद व्यवस्था सुचारू है। किसानों को उनकी फसल का एमएसपी मिलेगा। इसके बावजूद मुद्दाविहीन हो चुकी कांग्रेस किसानों के कंधे पर रखकर बिना कारतूस की बंदूक चलाना चाह रही है।
यह भी पढ़ें: 'गुरु' सिद्धू ने मोगा में लगाए छक्के, लुधियाना में आउट, Punjab Congress के लिए हुए 'पराये'
यह भी पढ़ें: राहुल गांधी की रैली में मंच से अपनी ही सरकार को असहज कर गए नवजोत सिंह सिद्धू, जमकर घेरा
यह भी पढ़ें: Rahul Gandhi tractor rally: राहुल बोले- 23 अरबपतियों की नजर किसानों की जमीन और फसल पर
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें