हरियाणा में अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल तेज, सफाई कर्मचारियों का भी मिला समर्थन
हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने अपनी हड़ताल 26 अप्रैल तक बढ़ा दी है और 27 अप्रैल से क्रमिक भूख हड़ताल शुरू करने की घोषणा की है।

हरियाणा में अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल तेज (प्रतीकात्मक फोटो)
HighLights
हड़ताल 26 अप्रैल तक बढ़ी, 27 से क्रमिक भूख हड़ताल।
फरीदाबाद अग्निकांड पीड़ितों को शहीद दर्जा, मुआवजा मुख्य मांग।
सफाई कर्मचारी 1 मई से हड़ताल में शामिल होने की चेतावनी।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के समर्थन के साथ हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने आठ अप्रैल से चल रही हड़ताल को 26 अप्रैल तक बढ़ाने का निर्णय लिया है।
यूनियन के राज्य प्रधान राजेंद्र सिंद व महासचिव गुलशन भारद्वाज के नेतृत्व में हड़ताल के दौरान ही 25 अप्रैल तक राज्य के सभी विधायकों को ज्ञापन सौंपे जाएंगे और मांगों का समाधान कराने की मांग होगी। 27 अप्रैल से प्रदेश के सभी 103 दमकल केंद्रों पर क्रमिक भूख हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।
आंदोलनकारी फरीदाबाद में अग्निकांड में अकाल मृत्यु का शिकार भवीचंद शर्मा व रणबीर सिंह को शहीद का दर्जा देने और मृतकों के आश्रितों को नौकरी व एक-एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने समेत करीब एक दर्जन मांग कर रहे हैं।
यूनियन के राज्य पाल प्रधान राजेंद्र सिंद ने कहा कि जब तक सरकार कर्मचारियों की मांगों पर ठोस आदेश जारी नहीं करती, तब तक हड़ताल समाप्त नहीं की जाएगी, चाहे यह संघर्ष कितना भी लंबा क्यों न चलाना पड़े।
आंदोलनकारी कर्मचारियों की मांगों को किया जाए पूरा
अग्निशमन विभाग के नियमित, पे-रोल व कौशल निगम के दमकल कर्मचारी इस हड़ताल में शामिल हैं। अखिल भारतीय राज्य सरकारी कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष सुभाष लांबा व सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री और महासचिव कृष्ण कुमार नैन ने कहा कि हरियाणा सरकार को अपनी जिद छोड़कर बातचीत से आंदोलनकारी कर्मचारियों की मांगों को पूरा करना चाहिए और हड़ताल खत्म कराने की पहल करनी चाहिए।
यूनियन के राज्य प्रधान राजेंद्र सिंद ने लंबी खिंच रही हड़ताल पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा कि अग्निशमन विभाग हड़ताल को तोड़ने के प्रयास में अनट्रेंड रोडवेज चालकों व होमगार्ड के माध्यम से फायर सेवाओं को चलाने की कोशिश कर रहा है, जो बेहद खतरनाक और गैर जिम्मेदाराना कदम है।
बिना प्रशिक्षित कर्मियों से आग बुझाने का कार्य करवाना न केवल फायर गाड़ियों को नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि इससे आम जनता की जान भी सीधे जोखिम में डाली जा रही है।
भूख हड़ताल की चेतावनी
नगरपालिका कर्मचारी संघ एवं सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने अग्निशमन विभाग के कर्मचारियों की हड़ताल का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि पालिका और अग्निशमन कर्मचारियों की हड़ताल के समर्थन में 24 व 25 अप्रैल को सभी जिलों में मुख्य सड़कों पर उल्टा झाड़ू कर प्रदर्शन किए जाएंगे और 27 व 28 अप्रैल को प्रदेश भर में क्रमिक भूख हड़ताल होगी।
यदि सरकार ने 30 अप्रैल तक भी मांगों का समाधान नहीं किया, तो एक मई से प्रदेश के 40 हजार सफाई कर्मचारी पूर्ण रूप से काम बंद कर हड़ताल में शामिल हो जाएंगे।
