तीन लाख सालाना कमाने वालों को भी मिलेगा ₹500000 का मुफ्त इलाज, हरियाणा में चिरायु आयुष्मान भारत योजना का हुआ विस्तार
हरियाणा सरकार ने चिरायु आयुष्मान भारत योजना का विस्तार किया है, जिससे अब सभी आय वर्ग के परिवार इसका लाभ उठा सकेंगे।

हरियाणा में चिरायु आयुष्मान भारत योजना का हुआ विस्तार (जागरण फाइल)
HighLights
चिरायु आयुष्मान भारत योजना का हरियाणा में सभी परिवारों के लिए विस्तार।
वार्षिक आय के आधार पर प्रीमियम देकर योजना का लाभ मिलेगा।
पंजीकरण और भुगतान के लिए पोर्टल 30 नवंबर तक खुला रहेगा।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में अब सभी परिवार चिरायु आयुष्मान भारत योजना का लाभ उठा सकेंगे। 1.80 लाख रुपये से कम वार्षिक आय वाले परिवार पहले की तरह हर साल पांच लाख रुपये तक का उपचार मुफ्त में करा सकेंगे।
वहीं, 1.80 लाख से तीन लाख रुपये वार्षिक आय वाले परिवारों को योजना का लाभ उठाने के लिए 1500 रुपये, छह लाख रुपये तक आय वाले परिवारों को 4000 तथा इससे अधिक वार्षिक आय वाले परिवारों को 5000 प्रति वर्ष प्रीमियम देना होगा।
प्रदेश सरकार ने सभी नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और किफायती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए चिरायु आयुष्मान भारत योजना का विस्तार किया है।
1.80 लाख से अधिक कमाने वालों को फायदा
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने बताया कि 1.80 लाख से अधिक वार्षिक आय वाले परिवार भी नाममात्र का वार्षिक प्रीमियम देकर इस महत्वाकांक्षी योजना का लाभ उठा सकते हैं। योजना के अंतर्गत पात्रता परिवार पहचान-पत्र में दर्ज सत्यापित वार्षिक आय के आधार पर तय की जाएगी।
योजना का लाभ उठाने के लिए पंजीकरण एवं भुगतान गेटवे पोर्टल 30 नवंबर तक खुला रहेगा। नई पॉलिसी की अवधि एक नवंबर 2026 से 31 अक्टूबर 2027 तक प्रभावी रहेगी।
लाभार्थियों को मिलेगा मुफ्त इलाज
आयुष्मान भारत हरियाणा स्वास्थ्य सुरक्षा प्राधिकरण के माध्यम से प्रदेश भर के 1307 सूचीबद्ध अस्पतालों में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना और चिरायु योजना के तहत उपचार कराया जा सकेगा। अब तक 40 लाख 27 हजार 391 लाभार्थियों ने मुफ्त इलाज कराया है।
इसके अलावा तीन लाख रुपये तक सालाना आय वर्ग में अब तक 47 हजार 547 परिवारों को योजना का सीधा लाभ मिल चुका है। सरकार द्वारा अब तक कुल 4617 करोड़ रुपये के क्लेम का सफलतापूर्वक निपटारा किया जा चुका है। पूरे राज्य में 1.42 करोड़ आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना व चिरायु कार्ड जारी किए जा चुके हैं।
