हरियाणा देश के अग्रणी राज्यों में शामिल', सीएम सैनी बोले- पंजाब से अलग होने के बाद जमकर हुआ विकास
हरियाणा दिवस पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी (Nayab Singh Saini) ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि हरियाणा विकास के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। हरियाणा ने आर्थिक स्थिति औद्योगिक प्रगति और समाज सेवाओं में अपना परचम लहराया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा विकास और उन्नति के पथ पर नान स्टाप आगे बढ़ता रहेगा।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेशवासियों को हरियाणा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज हरियाणा विकास के मामले में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है।
चाहे प्रदेश की आर्थिक स्थिति हो, औद्योगिक प्रगति हो या फिर समाज को सेवाएं देने की बात हो, हरियाणा ने अपना परचम लहराया है। हरियाणा विकास और उन्नति के पथ पर नान स्टाप आगे बढ़ता रहेगा।
जवान, किसान और खिलाड़ी हरियाणा की विकास यात्रा में अहम
शुक्रवार को प्रदेश वासियों के नाम जारी संदेश में नायब सिंह सैनी ने कहा कि हरियाणा वीर जवानों, मेहनतकश किसानों और खिलाड़ियों की धरा है। हमारे जवान, किसान और खिलाड़ी राज्य की विकास यात्रा में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- हरियाणा पुलिस ने हवाला रैकेट का किया भंडाफोड़, 700 करोड़ रुपये के अवैध लेन-देन का पर्दाफाश; मामले में सात गिरफ्तार
पिछले 10 वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हमारी डबल इंजन की सरकार ने सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास-सबका प्रयास के साथ हरियाणा एक-हरियाणवी एक की भावना से काम किया है और राज्य के विकास को चरम पर पहुंचाया।
प्रदेश के विकास के लिए मिलकर प्रयास करने का दिया संदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में हम प्रधानमंत्री के साथ मिलकर हर संभव प्रयास करेंगे और इस यात्रा में हरियाणा अपना महत्वपूर्ण योगदान देगा।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे हरियाणा को भविष्य में भी नवीन तकनीक व प्रौद्योगिकी से लैस दुनिया का सर्वाधिक विकसित प्रदेश बनाने की दिशा में अपना योगदान दें ताकि प्रदेश और अधिक खुशहाल और समृद्ध बने।
खेल के क्षेत्र में हरियाणा का बज रहा डंका
उन्होंने कहा कि एक नवंबर, 1966 को पंजाब से अलग होकर जब हरियाणा अलग राज्य बना था, तो उस समय संसाधन सीमित थे, जबकि आज हरियाणा विकास व उन्नति के मामले में कहीं आगे निकल चुका है। हरियाणा ने कृषि के अलावा औद्योगिक क्षेत्र में भी अभूतपूर्व प्रगति की है।
इतना ही नहीं, खेलों के क्षेत्र में पूरी दुनिया में हरियाणा का डंका बज रहा है। आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर होने वाली खेल प्रतियोगिताओं में हरियाणा के खिलाड़ी अधिक से अधिक पदक लाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में राज्य सरकार हरियाणा में विकास की गति में और तीव्रता लाएगी ताकि लोगों के जीवन को सरल व सुगम बनाया जा सके। हम हरियाणा को विकास की दृष्टि से नई ऊंचाइयों पर ले जाने का काम करेंगें। इन्फ्रास्ट्रक्चर की दृष्टि से नई-नई परियोजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं, जिससे लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।