दिल्ली कूच से पहले हरियाणा में कांग्रेस नेताओं की नजरबंदी, हु़ड्डा और राव नरेंद्र ने DGP से की बात; सियासी घमासान तेज
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि 10 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाले 'वोट बचाओ-देश बचाओ' प्रदर्शन से पहले हरियाणा ...और पढ़ें
-1791567106000_m.webp)
राव नरेंद्र सिंह और संजय दत्त। फोटो जागरण
HighLights
कांग्रेस ने दिल्ली प्रदर्शन से पहले नेताओं की नजरबंदी का आरोप लगाया।
हरियाणा कांग्रेस प्रभारी और अध्यक्ष ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए।
भूपेंद्र हुड्डा और राव नरेंद्र ने डीजीपी से आपत्ति जताई।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। कांग्रेस के ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के तहत 10 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाले प्रदर्शन से पहले हरियाणा में सियासी घमासान तेज हो गया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि दिल्ली कूच की तैयारियों में जुटे पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को नजरबंद किया जा रहा है तथा कुछ को हिरासत में लिया है।
हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त और प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, राव नरेंद्र सिंह और संजय दत्त ने पार्टी नेताओं तथा कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचने का आह्वान किया है।
दिल्ली प्रदर्शन में हरियाणा कांग्रेस की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश में 9, 10 और 12 अक्टूबर को प्रस्तावित पार्टी के सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। शुक्रवार को चंडीगढ़ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में संजय दत्त और राव नरेंद्र सिंह ने प्रेस कान्फ्रेंस कर कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा से जुड़ा है। शांतिपूर्ण प्रदर्शन की तैयारी कर रहे कार्यकर्ताओं को रोकना उनके लोकतांत्रिक अधिकारों के खिलाफ है।
दिल्ली कूच की तैयारियों को लेकर उक्त नेताओं ने शुक्रवार को वीडियो कान्फ्रेंसिंग से जिला और ब्लाक अध्यक्षों, कांग्रेस के सहयोगी संगठनों के प्रमुखों से बातचीत की। इस दौरान प्रदेश नेतृत्व को जानकारी दी गई कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिल्ली जाने से रोका जा रहा है।
इसके बाद भूपेंद्र सिंह हुड्डा और राव नरेंद्र सिंह ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से फोन पर बातचीत कर आपत्ति जताई। राव नरेंद्र ने पुलिस कार्रवाई का औचित्य स्पष्ट करने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि नूंह, करनाल, रेवाड़ी, यमुनानगर, महेंद्रगढ़ और भिवानी सहित विभिन्न जिलों में पार्टी पदाधिकारियों को नजरबंद किया गया है या हिरासत में लिया गया है।
प्रदेश अध्यक्ष ने कई जिला अध्यक्षों के नाम गिनाए
कांग्रेस की ओर से जारी सूची में नूंह डीसीसी महासचिव अंजुम हुसैन, घरौंडा शहरी बीसीसी अध्यक्ष राबिन, करनाल शहरी अध्यक्ष पराग गाबा, करनाल ग्रामीण अध्यक्ष राजेश वैद, रेवाड़ी ग्रामीण अध्यक्ष सुभाष चावड़ी, यमुनानगर शहरी अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, महेंद्रगढ़ अध्यक्ष सत्यावीर यादव, भिवानी शहरी अध्यक्ष प्रदीप गुलिया, भिवानी ग्रामीण अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी और नूंह अध्यक्ष शाहिदा खान के नाम शामिल हैं। इन्हें पुलिस द्वारा नजरबंद किए जाने का आरोप है।
