विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा को सिंगापुर से मिला 5500 करोड़ का निवेश, हेल्थ-एजुकेशन और वॉटर प्रोजेक्ट्स को मिलेगी नई रफ्तार

Published: Tue, 06 Oct 2026 07:30 PM (IST)

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सिंगापुर दौरे के दौरान हरियाणा में 5500 करोड़ रुपये के निवेश के लिए समझौता ज्ञापन हुए।

हरियाणा सरकार और सिंगापुर की कंपनियों के बीच 5500 करोड़ निवेश के एमओयू।

हरियाणा सरकार और सिंगापुर की कंपनियों के बीच 5500 करोड़ निवेश के एमओयू।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री सैनी के सिंगापुर दौरे पर 5500 करोड़ के MoU हुए

  2. स्वास्थ्य, जल प्रबंधन और शिक्षा क्षेत्रों में निवेश से विकास होगा

  3. हरियाणा में औद्योगिक विकास, रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सिंगापुर दौरे के तीसरे और अंतिम दिन मंगलवार को हरियाणा में निवेश के लिए 5500 करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापन (एमओयू) किए गए।

इन निवेश प्रस्तावों से प्रदेश में औद्योगिक विकास के साथ-साथ आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं, जल प्रबंधन, शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसरों को गति मिलने की उम्मीद है।

स्वास्थ्य क्षेत्र में लगभग 3000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर सहमति बनी है। प्रस्तावित निवेश से हरियाणा में अत्याधुनिक अस्पतालों, स्वास्थ्य सेवा केंद्रों, वेलनेस सुविधाओं, चिकित्सा अनुसंधान और स्वास्थ्य क्षेत्र में आधुनिक तकनीक के विस्तार को बल मिलने की संभावना है।

यह निवेश स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ चिकित्सा क्षेत्र में रोजगार, कौशल विकास और नई तकनीकों के अवसर भी पैदा करेगा। जल उपचार एवं प्रबंधन क्षेत्र में 1500 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर सहमति बनी है।

इन निवेश से आधुनिक जल उपचार संयंत्रों, सीवेज ट्रीटमेंट, औद्योगिक जल प्रबंधन, जल के पुन: उपयोग (रीयूज) और स्मार्ट जल प्रबंधन प्रणालियों के विकास को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। इससे शहरी एवं औद्योगिक क्षेत्रों में जल संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

शिक्षा क्षेत्र में 1000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर सहमति बनी है। इससे आधुनिक शैक्षणिक संस्थानों, कौशल विकास केंद्रों, तकनीकी शिक्षा, डिजिटल लर्निंग और रोजगारपरक प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार को गति मिलने की संभावना है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि निवेश प्रस्तावों को वास्तविक परियोजनाओं में बदलने के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। सरकार का लक्ष्य है कि निवेश केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि हरियाणा के युवाओं, उद्योगों और आम नागरिकों तक इसका प्रत्यक्ष लाभ पहुंचे।

शिक्षा, कौशल विकास, जल प्रबंधन, शहरी विकास, तकनीकी नवाचार तथा रोजगार पर चर्चा

सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर शिक्षा, कौशल विकास, जल प्रबंधन, शहरी विकास, तकनीकी नवाचार तथा युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने सिंगापुर सरकार द्वारा प्रदान की गई गर्मजोशी भरी मेजबानी के लिए बालाकृष्णन का आभार व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि सिंगापुर ने आधुनिक शहरी विकास, जल प्रबंधन और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय अनुभव अर्जित किया है और इन अनुभवों से हरियाणा को भी काफी लाभ मिलेगा। दोनों पक्षों के बीच मजबूत साझेदारी हरियाणा की विकास यात्रा को नई दिशा और गति प्रदान करेगी।