हरियाणा भाजपा ने स्थानीय निकाय चुनाव के लिए जारी किया संकल्प पत्र, हर शहर में खुलेगी नाइट फूड स्ट्रीट, अवैध कालोनियां होंगी नियमित
Haryana Local Body Polls हरियाणा में स्थानीय निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने बुधवार को अपना संकल्प पत्र जारी किया। भाजपा के वरिष्ठ नेता और स्थानीय निकाय मंत्री डा. कमल गुप्ता ने यह संकल्प पत्र जारी किया। इसमें अनियमित कालोनियों को नियमित करने का वादा किया गया है।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। Haryana Local Body Polls: शहरी निकाय चुनाव में लोगों का भरोसा जीतने के लिए हरियाणा भाजपा ने स्वच्छ, सुंदर, हरे-भरे और आत्मनिर्भर प्रदेश का वादा किया है। 2014 से लेकर 2022 तक आठ साल के कार्यकाल में भाजपा सरकार की उपलब्धियों के आधार पर भाजपा ने लोगों से शहरी निकाय चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों को जिताने का आग्रह किया है। भाजपा ने पहली बार शहरी निकाय चुनाव के लिए संकल्प पत्र जारी करते हुए जनता से 27 बड़े वादे किए हैं।
शहरी निकाय चुनाव के लिए भाजपा ने का संकल्प पत्र, हरे भरे और आत्मनिर्भर हरियाणा का वादा
भाजपा ने कहा है कि सभी शहरी निकायों को साफ-सुथरा बनाने के साथ ही निकायों के अंतर्गत आने वाले गांवों में भी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। हर शहरी निकाय में नाइट फूड स्ट्रीट खोलने की भाजपा सरकार की योजना है, ताकि लोगों को रात में सस्ता और अच्छा खाना उपलब्ध हो सके।
प्रदेश की जनता से किये 27 वादे, लैंड पूलिंग पालिसी में कटेंगे नए सेक्टर
इसके अलावा शहरी निकायों के दायरे में आने वाली अवैध कालोनियों को नियमित करने का भरोसा भी दिलाया गया है। साथ ही कहा है कि लैंड पूलिंग पालिसी के आधार पर नये सेक्टर काटे जाएंगे। हरियाणा में 19 जून को शहरी निकाय चुनाव है।
भाजपा व जजपा गठबंधन मिलकर शहरी निकाय चुनाव लड़ रहे हैं। लेकिन, भाजपा ने अपना अलग संकल्प पत्र जारी किया है, जिस पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ की फोटो है। भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के फोटो भी इस संकल्प पत्र पर लगाए गए हैं। पंचकूला के मेयर कुलभूषण गोयल, यमुनानगर के मेयर मदन चौहान व वन विकास निगम के पूर्व चेयरमैन जवाहर सैनी ने यह संकल्प पत्र तैयार किया है।
हरियाणा के शहरी निकाय मंत्री डा. कमल गुप्ता ने चार मेयरों के साथ जारी किया पार्टी का संकल्प पत्र
हरियाणा के शहरी निकाय मंत्री डा. कमल गुप्ता ने बुधवार को चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय में चार मेयरों के साथ यह संकल्प पत्र जारी किया है, जिसमें वादों और घोषणाओं की भरमार हैं। करनाल की मेयर रेणुबाला गुप्ता, पंचकूला के मेयर कुलभूषण गोयल, रोहतक के मेयर मदन मोहन गोयल और यमुनानगर के मेयर मदन चौहान ने डा. कमल गुप्ता के साथ प्रदेश की जनता के साथ सकारात्मक बदलाव के वादे किये। हालांकि सभी शहरों की कामन समस्याएं हैं और उनका समाधान भी कामन ही है, लेकिन फिर भी भाजपा ने कहा है कि वह शहरी निकाय चुनाव के अपने सारे वादे पूरे करेगी।
संकल्प पत्र में किए गए अन्य वादे-
- - सभी कम्युनिटी सेंटर के नाम शहीदों व महापुरूषों के नाम पर
- - सभी गलियों में एलइडी व सोलर लाइट लगेंगी
- - पार्कों का नवीनीकरण, जिम और झूलों की व्यवस्था
- - नए पार्क बनेंगे
- - श्मशान घाटों का नवीनीकरण। शेड, पानी, रास्ते व बैठने की व्यवस्था
- - स्ट्रीट वेंर्डस को रेहडी चलाने के लिये लाइसेंस मिलेंगे
- - वेंडिंग जोन स्थापित करनेके साथ ही उनका पुनर्वास होगा
- - नए कम्युनिटी सेंटर बनाने के साथ पुराने कम्युनिटी सेंटरों की मरम्मत
- - सड़कों की मरम्मत व सफाई तथा इंटरलाकिंग टाइल्स लगेंगी
- - समुचित जलापूर्ति के लिए नये ट्यूबवैल लगेंगे। हर घर में नल से जल
- - जहां पर नहरी पानी है, वहां नहरी पानी को स्टोर कर घरों में सप्लाई
- - नई सीवरेज लाइन व सीवेज प्लांट लेंगे।
- - शहरी निकायों में वाल पेंटिंग और सजावटी लाइट्स लेंगी
- - बरसाती पानी की निकासी का उचित प्रबंध
- - शहरी क्षेत्रों में अग्निशमन मशीनों की उपलब्धता
- - डोर टू डोर कूड़ा निस्तारण। जोनवार सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट लगेंगे
- - जरूरत वाले क्षेत्रों में मोबाइल एवं कम्युनिटी टायलेट का निर्माण
- - सभी क्षेत्रों में नगर परिषद व नगर पालिका भवन बनेंगे
- - शहरों और गांवों में प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे
- - यूआइडी व एनडीसी के कार्य को सरल बनाएंगे
- - हाउस टैक्स निर्धारण में आ रही दिक्कतों को खत्म करेंगे
- - पालतू कुत्तों का पंजीकरण तथा गली के कुत्तों की नसबंदी
- - सुरक्षा के लिये सीसीटीवी कैमरे लगेंगे
- - नई गोशालोंं का निर्माण, दुकानों पर मालिकाना हक और आधुनिक नई मार्केट का निर्माण
- - सार्वजनिक स्थानो पर वाटर कूलर/आरओ की सुविधा
- - सभी चौक के नाम शहीदों व महापुरूषों के नाम पर
- - सभी निगम सफाई मित्रों का वेतन हर माह के पहले सप्ताह में देंगे। गर्मी व सर्दी की वर्दी, जूतों कासमय पर वितरण और हर तीसरे महीने मेडिकल चेकअप।