हरियाणा विधानसभा होगी पूरी तरह हाईटेक, सर्च इंजन पर मिलेगा पूरा रिकॉर्ड
हरियाणा विधानसभा जल्द ही पूरी तरह हाईटेक हो जाएगी। विधानसभा के सभी रिकार्ड इसके बाद सर्च इंजन पर मिलेंगे।
चंडीगढ़, जेएनएन। हरियाणा विधानसभा जल्द ही हाईटेक होने जा रही है। हरियाणा विधानसभा से जुड़ी तमाम तरह की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध कराने के लिए उत्तर प्रदेश की तर्ज पर सर्च इंजन तैयार किया जाएगा। इस सॉफ्टवेयर पर हरियाणा राज्य के गठन से लेकर आज तक की हर जानकारी उपलब्ध होगी।
हरियाणवी बोली सहित 28 भाषाओं में मिलेगी विधानसभा से जुड़ी तमाम जानकारी
सॉफ्टवेयर कंपनी ने विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता व सचिव राजेंद्र नादंल सहित सचिवालय के अधिकारियों के समक्ष पूरा डेमो दिया है। कंपनी अधिकारियों ने दावा किया कि छह महीने के भीतर विधानसभा की पूरी जानकारी का सॉफ्टवेयर तैयार कर सर्च इंजन बना दिया जाएगा।
हरियाणा विधानसभा सचिवालय के कमेटी हाल में मुंबई और पूना से आए कंपनी प्रतिनिधियों ने बताया कि सर्च इंजन पर हरियाणा विधानसभा के 54 वर्षों की जानकारी आसानी से मिल सकेगी। सॉफ्टवेयर कंपनी का गूगल सहित अन्य प्रतिष्ठित कंपनियों से अनुबध है। हिंदी भाषा को छह अलग-अलग तरीकों से जोडऩे की प्रक्रिया भी इस सर्च इंजन में उपलब्ध होगी।
सॉफ्टवेयर से विधायकों को मिलेगा विधायी प्रक्रिया का ज्ञान
इसके अलावा हरियाणवी बोली सहित 28 और भाषाओं में जानकारी उपलब्ध कराने का सॉफ्टवेयर तैयार किया जा रहा है। कंपनी ने उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश की विधानसभाओं के लिए भी ऐसा ही सॉफ्टवेयर तैयार किया है। हालांकि तब इसे तैयार करने में दो साल लग गए थे।
हरियाणा के लिए यह सॉफ्टवेयर छह महीने में तैयार हो जाएगा। कोशिश है कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के हर गांव और प्रशासनिक कार्यालयों की जानकारी इस पर उपलब्ध कराई जा सके। इससे विधायकों अथवा मंत्री को सर्च इंजन पर हलके से जुड़ी तमाम जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
विधायकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम
विधानसभा अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने सॉफ्टवेयर कंपनी को हरियाणा गठन से लेकर अभी तक की विधानसभा से जुड़ी संपूर्ण जानकारी सॉफ्टवेयर पर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। विधायकों को विधायी प्रक्रिया की पूरी जानकारी भी सॉफ्टवेयर से मिल सकेगी। स्पीकर ने कहा कि विधायकों को विधायी प्रक्रिया से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के लिए कंपनी द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम भी आयोजित किया जाना चाहिए। उनकी कोशिश है कि हरियाणा विधानसभा को भी उत्तर प्रदेश व मध्य प्रदेश की तर्ज पर आधुनिक बनाया जाए ताकि हमारा नाम देश की सर्वश्रेष्ठ विधानसभाओं में हो।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
यह भी पढ़ें: सात स्कूली बच्चों ने हरियाणा सरकार से जीती जंग, School building के लिए HC में लड़े नौनिहाल
यह भी पढ़ें: कांस्टेबल पति ने बाल काट व मुंह काला कर पत्नी को गांव में घुमाया, सौतन लाने का किया था विरोध