मारुति के गुरुग्राम और मानेसर प्लांट बंद, रोहतक का आरएंडडी प्लांट भी हुआ close
हरियाणा में कोरोना के बढ़ते खतरे के कारण मारुति के गुरुग्राम और मानेसर प्लांट बंद कर दिए गए हैं। इसके साथ ही रोहतक स्थित आरएंडडी प्लांट को भी बंद कर दिया गया है।
चंडीगढ़, जेएनएन। हरियाणा में कोरोना वायरस के खतरे के मद्देनजर देश की सबसे बड़ी वाहन निर्माता कंपनी मारुति ने बड़ा कदम उठाया हे। मारुति ने गुरुग्राम और मानेसर स्थित प्लांट अनिश्चित काल के लिए बंद कर दिए हैं। इस दौरान कंपनी का रोहतक स्थित आरएनडी सेंटर भी बंद रहेगा। कंपनी प्रबंधन ने इसकी जानकारी नेशनल स्टॉक एक्सचेंज और मुंबई स्टॉक एक्सचेंज को लिखित रूप से दी है।
अस्थायी कर्मचारियों के साथ ही सहायक कंपनियों में लगे हजारों कर्मचारियों के रोजगार पर तलवार
कंपनी के वाइस प्रेजिडेंट और कंपनी सचिव संजीव ग्रोवर ने बताया कि गुरुग्राम और मानेसर स्थित प्लांट में कोरोना वायरस से बचने के लिए सैनिटाइजेशन की व्यवस्था की गई है। कर्मचारियों की यात्रा पर प्रतिबंध लगाते हुए उनके स्वास्थ्य का भी पूरा ख्याल रखा जा रहा था। सरकार की हिदायतों के अनुरूप अगले कदम के रूप में कंपनी ने उत्पादन को बंद करने का निर्णय लिया है। यह प्लांट कब खुलेंगे, यह सरकार की पॉलिसी पर निर्भर करेगा।
वहीं, कंपनी में उत्पादन बंद होने से प्लांट में लगे अस्थायी कर्मचारियों के साथ ही सहायक कंपनियों से जुड़े हजारों कर्मचारियों के रोजगार पर संकट मंडराने लगा है। विगत नवंबर में भी मंदी के दौरान मारुति सुजुकी से जुड़े करीब तीन हजार अस्थाई कर्मचारियों की नौकरी चली गई थी। वाहन क्षेत्र अर्थव्यवस्था में बिक्री, सेवा, बीमा, लाइसेंस, वित्तपोषण, चालक, पेट्रोल पंप, परिवहन से जुड़ी नौकरियां पैदा करता है। वाहन निर्माता कंपनियों में उत्पादन बंद होने से नौकरियों पर बड़े पैमाने पर असर पड़ेगा।
-------------
व्यापार मंडल ने मांगा राहत पैकेज
अखिल भारतीय व्यापार मंडल के राष्ट्रीय महासचिव व हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रधान बजरंग गर्ग ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के जरिए देश के व्यापारी प्रतिनिधियों से बाजारों की हलचलों पर चर्चा की। उन्होंने मांग की है कि इस संकट की घड़ी को देखते हुए जनता की तरफ जो भी बैंकों की किस्त व लोन देना बनता है, उसकी समय सीमा बढ़ाई जाए। वार्षिक सालाना रिटर्न जो 31 मार्च तक भरना होता है, उसकी भी तारीख बढ़ाई जाए। केंद्र व प्रदेश सरकार को हर वर्ग के लिए राहत पैकेज देना चाहिए।
---------------
सैनिकों की तरह काम करेंगे कर्मचारी
सर्व कर्मचारी संघ ने कर्मचारियों से महामारी के खिलाफ युद्ध के समय सैनिकों की तरह काम करने का आह्वान किया है। संघ ने आवश्यक सेवाओं मे लगे कर्मचारियों से कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव के लिए अतिरिक्त सावधानी बरतने का भी आग्रह किया। संघ के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष लांबा, महासचिव सतीश सेठी व वरिष्ठ उप प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कर्मचारियों से यह आह्वान करते हुए सरकार से भी आवश्यक सेवाओं (विशेषकर स्वास्थ्य सेवाओं) में लगे सभी कर्मचारियों को कम्पलीट सेफ्टी किट देने की मांग की है।
संघ ने सुरक्षा के लिए सभी जरूरी सामान जैसे सैनिटाइजर, मास्क,साबुन इत्यादि तुरंत प्रभाव से उपलब्ध करवाने व कोरोना वायरस से संक्रमित कर्मचारियों का निशुल्क इलाज करवाने की मांग भी की। साथ ही रोडवेज बसों, फायर ब्रिगेड, बिजली के सब स्टेशनों सहित सभी विभागों के कार्यालयों को सैनिटाइज करने की वकालत की है। इसके अलावा चतुर्थ श्रेणी और आउटसोर्सिंग, अनुबंध, पार्ट टाइम व डीसी रेट पर लगे कर्मचारियों को विशेष मदद देने की भी मांग की।