सतीश कुमार सैनी बने हरियाणा लोक सेवा आयोग के नए अध्यक्ष, राज्यपाल असीम कुमार घोष ने दिलाई शपथ; CM सैनी रहे मौजूद
सतीश कुमार सैनी ने हरियाणा लोक सेवा आयोग के नए अध्यक्ष के रूप में शपथ ली। राज्यपाल प्रो. असीम कुमार ...और पढ़ें

सतीश कुमार सैनी ने संभाली हरियाणा लोक सेवा आयोग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी।
HighLights
सतीश सैनी ने एचपीएससी अध्यक्ष पद की शपथ ली
राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने दिलाई पद की शपथ
पारदर्शी और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करेंगे
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) को नया अध्यक्ष मिल गया है। हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने बुधवार को हरियाणा लोक भवन में आयोजित समारोह में निवर्तमान एचसीएस अधिकारी सतीश कुमार सैनी को आयोग के अध्यक्ष पद की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण और पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां भी उपस्थित रहे।
सतीश सैनी ने हाल ही में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली है और वे आयोग में उप सचिव के पद पर कार्यरत थे। सतीश कुमार सैनी ने पद, निष्ठा एवं गोपनीयता की शपथ ली। 2011 बैच के एचसीएस अधिकारी रहे सतीश कुमार सैनी मूल रूप से सोनीपत जिले के गोहाना क्षेत्र के गांव वजीरपुरा के निवासी हैं।
प्रशासनिक सेवा में आने से पहले उन्होंने माध्यमिक शिक्षा विभाग में शिक्षक के रूप में भी सेवाएं दीं। वह जनवरी 2020 से फरवरी 2022 तक तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) रहे। इसके बाद उन्होंने हरियाणा लोक सेवा आयोग में उप सचिव के रूप में कार्य किया।
आयोग के अध्यक्ष के रूप में उनके सामने सरकारी पदों पर भर्ती प्रक्रिया को नियमानुसार, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। अभ्यर्थियों की अपेक्षाओं के बीच आयोग के कामकाज और चयन प्रक्रियाओं पर भरोसा बनाए रखना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
सतीश सैनी ने कुछ समय हरियाणा विधानसभा में भी अपनी सेवाएं दी। समारोह में हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी, एचपीएससी के सदस्य और हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह समेत कई अधिकारी शामिल हुए।
