सरकार और संगठन का रिपोर्ट कार्ड तैयार, मुहर लगाएंगे अमित शाह
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बुधवार के हरियाणा के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। शाह हरियाणा में रहकर सरकार और पार्टी की नब्ज टटोलेंगे।
जेएनएन, चंडीगढ़। मिशन 2019 के तहत राष्ट्रव्यापी दौरे पर निकले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के हरियाणा दौरे को लेकर पूरी सरकार और संगठन का अपना रिपोर्ट कार्ड तैयार है। बुधवार से रोहतक में डेरा डालने वाले शाह तीन दिन न केवल सरकार और संगठन के कामकाज का एक्स-रे करेंगे, बल्कि शीर्ष नेताओं के अलावा जमीन से जुड़े पार्टी पदाधिकारियों से वन टू वन मुलाकातें कर नब्ज टटोलेंगे।
शाह बुधवार सुबह करीब 11 बजे तक हरियाणा की सीमा में प्रवेश करेंगे जहां भव्य स्वागत के बाद उन्हें रोड शो के जरिये रोहतक तक लाया जाएगा। पहले दिन वह मुख्यमंत्री मनोहर लाल एवं उनके मंत्रिमंडल सहयोगियों के साथ बैठक कर सरकार की समीक्षा करेंगे। खास कर गरीब लोगों के लिए शुरू योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा होगी। साथ ही भविष्य में सरकार के लक्ष्यों को लेकर मंथन किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रीय लोकतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगियों के साथ बैठक होगी।
दोपहर बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शाह प्रदेश प्रभारी, प्रदेशाध्यक्ष, मुख्यमंत्री, प्रदेश महामंत्री (संगठन) के साथ अलग-अलग बैठकें कर ग्राउंड रिपोर्ट लेंगे। इसके बाद संगठन के कोर गु्रप के साथ सरकार एवं संगठन में समन्वय की पड़ताल होगी। फिर सांसद-विधायकों, जिलाध्यक्ष, प्रदेश पदाधिकारियों और संगठन मंत्रियों के साथ सियासी हालात पर चर्चा की जाएगी। इस दौरान शाह पार्टी का राजनीतिक दृष्टिकोण स्पष्ट करेंगे। वर्ष भर में होने वाले संगठनात्मक तौर पर छह बूथ कार्यक्रमों की भी समीक्षा की जाएगी।
दौरे के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को शाह प्रदेश पदाधिकारियों के साथ संगठन की संरचना एवं क्रियाकलापों पर चर्चा करेंगे। इसके बाद भाजपा कार्यालय एवं 19 विभागों एवं प्रकल्पों की समीक्षा के लिए समय निर्धारित किया गया है। दोपहर में राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्यों समेत विशिष्ट नेताओं के साथ बैठक होगी। इसमें आइटी, चुनाव प्रकोष्ठ के साथ प्रदेश के चुनावी परिदृश्य पर प्रस्तुतिकरण, लोकसभा क्षेत्रों के आकलन पर चर्चा, दीनदयाल उपाध्याय जन्मशताब्दी कार्यक्रम एवं पूर्णकालिक विस्तार योजना पर चर्चा शामिल है। इसी दौरान बीच में वह किसी बूथ स्तरीय दलित कार्यकर्ता के घर भोजन करेंगे।
प्रवास के तीसरे दिन शाह सभी मोर्चों एवं प्रकोष्ठों की स्थिति पर चर्चा कर मंडल, जिला, प्रदेश कार्यसमिति बैठकों का ब्योरा लेंगे। इसके बाद एक मंडल की बैठक में हिस्सा लेकर आगामी योजनाओं पर चर्चा की जाएगी। प्रबुद्ध लोगों के साथ चर्चा के बाद शाम चार बजे वह दिल्ली लौट जाएंगे।
यह भी पढ़ें: आरक्षण के लिए रूठे जाटों की नाराजगी दूर करेंगे अमित शाह