सेब मंडी में गुंडों ने किया हमला, दफ्तरों के तोड़े शीशे, मचाया उत्पात
सेब मंडी में शुक्रवार शाम को कुछ गुंडों ने जमकर उत्पात मचाया।
जागरण संवाददाता, पंचकूला : सेक्टर-20 स्थित सेब मंडी में शुक्रवार शाम को कुछ गुंडों ने जमकर उत्पात मचाया। 50 से 60 गुंडे अलग-अलग गाड़ियों में भरकर आए और मंडी में खड़े लोगों को धमकाते हुए वहा रखी कुíसयों को तोड़ना शुरू कर दिया। इनके हाथों में पत्थर और ईंटें भी थी, जिन्होंने सेब मंडी के आढ़तियों के दफ्तरों पर बरसाने शुरू कर दिए। कई दफ्तरों के शीशे भी पथराव में टूट गए। लगभग 15 से 20 मिनट तक जमकर उत्पात मचाने के बाद यह लोग मौके से फरार हो गए। इस हमले के बाद से मंडी के आढ़तियों और किसानों में खौफ का माहौल है। पुलिस को दी शिकायत में आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान बृजमोहन ने बताया कि सेब मंडी में लगभग 100 गुंडों ने देर शाम को हमला कर दिया। दरअसल शुक्रवार की सुबह सेब मंडी में 5-6 लोग यहा पर हिमाचल से आने वाले किसानों को जुआ खिलवाने के लिए आए थे। जैसे ही बृजमोहन एवं अन्य आढ़तियों को पता चला, तो वह उन्हें पकड़ने के लिए गए, लेकिन इतने में वह लोग भाग गए। इसके बाद आढ़ती वापस लौट आए और अपने काम पर लग गए, लेकिन देर शाम 50 से 60 गुंडे अचानक आ धमके और उत्पात मचाने लगे। बृजमोहन के मुताबिक वह इन जुआ वालों के बारे में पहले भी पुलिस को जानकारी दे चुके हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। कई कुíसया और पंखे तोड़ दिए गए। इसके अलावा कार्यालयों के शीशे तोड़ दिए। पिछले साल भी यह जुए वाले कई किसानों को लूटकर ले गए थे और इस साल भी इनका यही काम चल रहा था, जिसका हम लोग विरोध कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की शह पर ही यहा पर अवैध तौर पर जुआ का धंधा चल रहा है। बृजमोहन ने अल्टीमेटम दिया है कि यदि शनिवार शाम तक इन आरोपितों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो वह मंडी बंद कर देंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी पुलिस प्रशासन की होगी। सेक्टर-20 थाना प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि इस मामले से मंडी के प्रधान बृजमोहन की शिकायत प्राप्त हुई है, जिसके आधार पर केस दर्ज कर लिया है और जल्दी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।