हरियाणा में किसानों के लिए खुशखबरी! गेहूं पर मिलेगी बंपर सब्सिडी, आलू के उन्नत बीज भी उपलब्ध
हरियाणा सरकार किसानों को गेहूं के बीज पर 1695 रुपये प्रति क्विंटल की सब्सिडी दे रही है, जिससे 40 किलोग्राम का बैग 1080 रुपये में मिलेगा।
-1789735586528_m.webp)
किसानों को गेहूं पर मिलेगी बंपर सब्सिडी। फाइल फोटो
HighLights
किसानों को गेहूं के बीज पर 1695 रुपये प्रति क्विंटल सब्सिडी मिलेगी।
सरकारी केंद्रों पर 40 किलोग्राम गेहूं बीज का बैग 1080 रुपये में।
पानीपत के सेवाखेड़ी में आलू के उन्नत बीज भी उपलब्ध कराए गए।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में किसानों को गेहूं के बीज पर 1695 रुपये प्रति क्विंटल की सब्सिडी मिलेगी। सरकारी खरीद केंद्रों पर किसानों को 40 किलोग्राम का बैग 1080 रुपये में उपलब्ध कराया जाएगा।
कृषि विभाग ने रबी सीजन के लिए प्रमाणित गेहूं बीज के सरकारी बिक्री रेट जारी कर दिए हैं। यह सब्सिडी 10 साल से अधिक पुरानी किस्मों पर नहीं मिलेगी। इसके अलावा सी-306 किस्म पर भी यह सब्सिडी लागू नहीं होगी।
पिछले दस साल में विकसित किस्मों पर किसान सब्सिडी का लाभ उठा सकेंगे।सरकारी एजेंसियों के बिक्री केंद्रों पर यह बीज उपलब्ध रहेगा। आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि यह छूट केवल हरियाणा के स्थानीय किसानों को मिलेगी। प्राइवेट कंपनियों, सरकारी प्रदर्शनियों और किसान उत्पादक समूह को इसका लाभ नहीं मिलेगा।
किसान सेवाखेड़ी से खरीद सकते आलू के उन्नत बीज
उद्यान विभाग के पानीपत स्थित प्रौद्योगिकी प्रदर्शन केंद्र सेवाखेड़ी में विभिन्न किस्मों के गुणवत्तापूर्ण आलू बीजों की बिक्री शुरू हो गई है। इच्छुक किसान विभाग के Hortsalenet पोर्टल पर आनलाइन बुकिंग एवं भुगतान करके इस केंद्र से सीधे आलू बीज प्राप्त कर सकते हैं।
केंद्र पर आलू की उन्नत किस्में जैसे कुफरी पुखराज जी-3, कुफरी मोहन जी-4, कुफरी नीलकंठ जी-4, कुफरी ख्याति जी-1 तथा कुफरी उदय जी-1 बिक्री के लिए उपलब्ध करवाई गई हैं।
आलू बीज की खरीद 'पहले आओ, पहले पाओ' योजना के आधार पर की जा रही है। किसान उद्यान विभाग की वेबसाइट के माध्यम से बीज की बुकिंग सुनिश्चित कर सकते हैं।
