हरियाणा में किसानों के लिए गुड न्यूज, सिर्फ 63 पैसे में करा सकेंगे 50 हजार का दुर्घटना बीमा; 5 लाख किसानों को मिलेगा लाभ
हरियाणा में किसान क्रेडिट कार्ड धारकों को अब मात्र 63 पैसे के प्रीमियम पर 50,000 रुपये का व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा ...और पढ़ें

हरियाणा में किसानों के लिए गुड न्यूज। फाइल फोटो
HighLights
किसान क्रेडिट कार्ड धारकों को मिलेगा दुर्घटना बीमा।
मात्र 63 पैसे प्रीमियम पर 50 हजार रुपये का कवर।
हरको बैंक ने 5 लाख किसानों के लिए योजना शुरू की।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) रखने वाले किसानों का 50 हजार रुपये तक का बीमा होगा। किसानों को कुल 1.90 रुपये के प्रीमियम पर बीमा कवर प्रदान किया जाएगा। इसमें से 1.27 रुपये का प्रीमियम बैंक द्वारा वहन किया जाएगा, जबकि किसान को केवल 63 पैसे का भुगतान करना होगा।
हरियाणा राज्य सहकारी अपेक्स बैंक लिमिटेड (हरको बैंक) द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड धारकों के लिए व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना लागू की गई है। पांच लाख किसानों को इसका लाभ होगा।
हरको बैंक के प्रबंध निदेशक सुशील सारवान ने बताया कि केंद्रीय सहकारी बैंकों तथा इफको-टोकियो सामान्य बीमा कंपनी लिमिटेड के साथ व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत बीमा व्यवस्था के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए गए हैं।
बाहरी, हिंसक एवं दृश्यमान साधनों से हुई दुर्घटना के कारण मृत्यु की स्थिति में (समझौता होने की एक वर्ष की अवधि तक) 50 हजार रुपये का बीमा कवर प्रदान किया जाएगा।
25 हजार रुपये तक का बीमा कवर
इसी प्रकार पूर्ण स्थायी विकलांगता, दोनों अंगों या दोनों आंखों अथवा एक अंग एवं एक आंख की क्षति होने की स्थिति में 50 हजार रुपये का बीमा कवर प्रदान किया जाएगा। एक अंग या एक आंख की क्षति होने की स्थिति में 25 हजार रुपये तक का बीमा कवर उपलब्ध होगा।
योजना के अंतर्गत बीमा दावा प्रस्तुत करने के लिए दुर्घटना होने पर संबंधित बीमा कंपनी को 120 दिनों के भीतर सूचित करना आवश्यक होगा। दावे के साथ मामले के अनुसार पुलिस रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, कानूनी उत्तराधिकारी का विवरण तथा बैंक खाते से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
