विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा में सरकारी नौकरी का सुनहरा अवसर, 14 हजार CET और 8 हजार नई भर्तियां जल्द

Published: Wed, 28 Oct 2026 10:41 PM (IST)

HSSC हरियाणा में 14 हजार पदों के लिए CET के दूसरे चरण की तैयारी तेज कर रहा है, साथ ही 8 हजार नई सरकारी नौकरियों की घोषणा भी जल्द होगी।

प्रदेश में 14 हजार पदों पर भर्ती परीक्षा की तैयारी तेज, जल्दी निकलेंगी आठ हजार नई नौकरियां।

प्रदेश में 14 हजार पदों पर भर्ती परीक्षा की तैयारी तेज, जल्दी निकलेंगी आठ हजार नई नौकरियां।

HighLights

  1. 14 हजार CET पदों की तैयारी तेज।

  2. 8 हजार नई सरकारी नौकरियां जल्द घोषित होंगी।

  3. परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण पंचकूला में शुरू।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी दो अहम जानकारियां सामने आई हैं। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग करीब 14 हजार पदों पर भर्ती के लिए सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) के दूसरे चरण की तैयारियां तेज कर रहा है।

इसके साथ ही करीब आठ हजार नए पदों पर भर्ती का विज्ञापन भी जल्द जारी करने की तैयारी है। हालांकि, नई भर्तियों के आवेदन की तारीख, पदों का वर्गवार विवरण और परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा अभी बाकी है।

आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह के निर्देश पर दूसरे चरण की परीक्षा के लिए प्रदेशभर में परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण शुरू कर दिया गया है। इसका उद्देश्य परीक्षा से पहले व्यवस्थाओं की जांच करना और अभ्यर्थियों को होने वाली संभावित असुविधाओं को दूर करना है।

आयोग के सदस्य सुभाष चंद्र ने अपनी टीम के साथ पंचकूला जिले के कालका-पिंजौर क्षेत्र में परीक्षा केंद्रों का दौरा किया। टीम ने केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं और परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के बाद संबंधित समिति रिपोर्ट तैयार करेगी।

इसके आधार पर जरूरी सुधार किए जाएंगे। आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने बताया कि पंचकूला के अलावा अन्य जिलों में भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया जाएगा। 14 हजार पदों की भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों को अब आयोग की ओर से जारी होने वाली आगामी सूचनाओं का इंतजार करना होगा। परीक्षा की तारीख, प्रवेश पत्र जारी करने और केंद्रों की जानकारी के संबंध में आधिकारिक घोषणा होने के बाद ही अभ्यर्थी अपनी परीक्षा योजना को अंतिम रूप दे सकेंगे।

आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर ही आवेदन और तैयारी करें

हरियाणा में सरकारी भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित नजर रखनी चाहिए। आयोग की वेबसाइट हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग पर विज्ञापन, परीक्षा कार्यक्रम, प्रवेश पत्र और परिणाम संबंधी सूचनाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

आयोग अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने अभ्यर्थियों से गंभीरता से तैयारी करने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए जरूरी है कि युवा केवल आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर ही आवेदन और परीक्षा की तैयारी करें।

ध्यान रखने योग्य बातें

14 हजार पदों की परीक्षा: दूसरे चरण की परीक्षा की तारीख और केंद्रों से जुड़ी आधिकारिक सूचना का इंतजार करें।
8 हजार नई भर्तियां: विज्ञापन जारी होने के बाद ही पदों की संख्या, योग्यता, आयु सीमा और आवेदन की अंतिम तारीख स्पष्ट होगी।
आवेदन शुल्क: आयोग के विज्ञापन संख्या 06/2026 के अंतर्गत समूह-ग के पदों के लिए आवेदन शुल्क नहीं रखा गया था। नई भर्तियों में शुल्क संबंधी शर्तें संबंधित विज्ञापन से जांचें।
फर्जीवाड़े से सावधान: नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे मांगने वाले बिचौलियों से बचें। आवेदन केवल आधिकारिक माध्यम से करें और किसी के झांसे में आकर रुपये न दें।