हरियाणा में बिजली हड़ताल में भी ठप नहीं होंगी अस्पताल की सेवाएं, बैकअप के लिए जनरेटर सेट तैयार
बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के मद्देनजर हरियाणा स्वास्थ्य विभाग ने स्वास्थ्य सेवाओं को बाधित न होने देने के निर्देश दिए हैं।
-1792605618059_m.webp)
हड़ताल में स्वास्थ्य सेवाएं बाधित नहीं होने देने के लिए तैयार रहेंगे जनरेटर सेट। एआई जेनरेटेड तस्वीर।
HighLights
स्वास्थ्य सेवाएं बाधित न हों, डॉ. सुमिता मिश्रा के निर्देश
सभी स्वास्थ्य संस्थानों में जनरेटर सेट की व्यवस्था सुनिश्चित
आपात स्थिति हेतु 24 घंटे इलेक्ट्रीशियन, नोडल अधिकारी तैनात
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। स्वास्थ्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल को देखते हुए सभी सिविल सर्जनों और प्रधान चिकित्सा अधिकारियों को स्वास्थ्य सेवाएं किसी भी सूरत में बाधित नहीं होने देने के निर्देश दिए हैं।
सभी स्वास्थ्य संस्थानों को जनरेटर सेट की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। जहां आवश्यकता हो, वहां निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने के लिए जनरेटर सेट किराये पर लेने के लिए कहा गया है।
स्वास्थ्य सचिव ने निर्देश दिए हैं कि बिजली से संबंधित किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटने के लिए इलेक्ट्रीशियन की 24 घंटे उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सभी इलेक्ट्रीशियन अपने-अपने मुख्यालय पर तैनात रहेंगे।
प्रभावी समन्वय और त्वरित निर्णय सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक स्वास्थ्य संस्थान में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। संबंधित अधिकारी का नाम, पदनाम और मोबाइल नंबर तत्काल स्वास्थ्य सचिव के कार्यालय को भेजना होगा। सभी संस्थानों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने और हर समय एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
