महिलाओं को रक्षाबंधन पर 36 घंटे मिलेगी बसों में मुफ्त यात्रा सुविधा
हरियाणा सरकार ने रक्षाबंधन के पर्व पर महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा सुविधा देने का निर्णय लिया है। महिलाओं को 36 घंटे तक मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलेगी।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने हर साल की तरह इस साल भी रक्षाबंधन के पर्व पर महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा सुविधा देने का निर्णय लिया है। महिलाओं को 36 घंटे तक मुफ्त बस यात्रा की सुविधा मिलेगी। इस अवधि में महिलाओं के साथ सफर करने वाले उनके 15 वर्ष तक की आयु के बच्चों को भी मुफ्त बस यात्रा की सुविधा दी जाएगी। सरकार ने जेल नियमावली में संशोधन के बाद जेलों में रक्षाबंधन का पर्व मनाए जाने की स्वीकृति प्रदान की है।
हरियाणा के परिवहन एवं जेल मंत्री कृष्ण लाल पंवार के अनुसार रक्षाबंधन पर महिलाओं को मुफ्त सफर की सुविधा का विस्तार किया गया है। 26 अगस्त को रक्षाबंधन के चलते प्रदेश में महिलाओं को 25 आगस्त दोपहर 12 बजे से मुफ्त सफर की सुविधा दी जाएगी। यह सुविधा 26 अगस्त की रात 12 बजे तक कुल 36 घंटे के लिए रहेगी।
परिवहन मंत्री के अनुसार रक्षाबंधन पर सरकार द्वारा बसों के रूट में कोई कटौती नहीं की जाएगी। प्रत्येक निर्धारित रूट पर बसें सामान्य की भांति चलेंगी। उन्होंने बताया कि जेल मैनुअल के अनुसार प्रदेश की जेलों में रविवार को कैदियों एवं हवालातियों के साथ मुलाकात का कोई प्रावधान नहीं है, लेकिन इस बार रक्षाबंधन का पर्व रविवार को होने के कारण इस मामले में मंत्री समूह की बैठक में मंथन किया गया।
मंत्रिमंडल ने बैठक में नियमों को छूट प्रदान करते हुए इस बार रविवार को भी जेलों में बहनों द्वारा अपने भाइयों के साथ मुलाकात करने का प्रावधान किया है। प्रदेश के सभी जेल अधीक्षकों को इस बारे में सूचित कर दिया गया है। महिलाएं जेलों में बंद अपने भाइयों को सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक राखी बांध सकेंगी। इसके लिए बकायदा सभी जेलों में व्यवस्था की जाएगी।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें