Haryana Budget 2021: हरियाणा में 12वीं तक मुफ्त शिक्षा, बनेंगे 20 हजार नए घर, 50 हजार नौकरियां
Haryana Budget 2021 हरियाणा के वर्ष 2021-22 के बजट में शिक्षा आवास और रोजगार को प्रमुखता दी गई है। सीएम मनोहरलाल ने 12वीं कक्षा तक शिक्षा मुफ्त करने की घोषणा की। इसके साथ ही राज्य में 20 हजार नए मकान बनेंगे तो 50 हजार युवाओं को नौकरी मिलेगी।
चंडीगढ़, [अनुराग अग्रवाल]। Haryana Budget 2021: मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने राज्य के 2021-22 के बजट में शिक्षा, आवास और रोजगार को काफी प्रमुखता दी है। हरियाणा सरकार इस साल 20 हजार नए घर बनाएगी। इसके लिए हरियाणा सरकार ने हाउसिंग बोर्ड को नोडल डिपार्टमेंट घोषित किया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत यह मकान बनाए जाएंगे। राज्य सरकार ने पहली से 12वीं तक शिक्षा मुफ्त देने का भी एलान किया है। इसके अलावा 50 हजार युवाओं को निजी क्षेत्र की नौकरियां दी जाएंगी।
पुलिस बल में महिलाओं की भागीदारी 15 फीसदी तक लाएगी सरकार
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बजट में कई अहम घोषणाएं करते हुए कहा कि पुलिस बल में महिलाओं की संख्या उल्लेखनीय ढंग से बढ़कर वर्ष 2014 के 5.79 प्रतिशत से 2020 में 8.59 प्रतिशत हो गई है। राज्य सरकार इस साल पुलिस में महिला बल की संख्या 15 प्रतिशत पर लाएगी। बजट में गुरुग्राम में एक महिला आईआरबी बटालियन और हिसार में महिला पुलिस के लिए ट्रेनिंग केंद्र स्थापित किए जाएंगे। पुलिस भर्ती में आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आयु में पांच वर्ष की छूट दी गई है।
पुलिस भर्ती में आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग को आयु में पांच साल की छूट
साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए गुरुग्राम में प्रथम प्रशिक्षण केंद्र के रूप में डिजिटल जांच पड़ताल और तकनीकी विश्लेषण केंद्र खुलेगा। अपराध विज्ञान प्रयोगशाला मधुबन में ट्रेकिंग बार कोडिंग सिस्टम शुरू किया गया है। फरीदाबाद में छह नए साइबर अपराध पुलिस थाने, अंबाला रेंज में पांच और करनाल रेंज में 11 नए पुलिस थाने स्वीकृत किए गए हैं।
राष्ट्रीय रक्षा अकादमी बनेगी, सात जिलों में समेकित सैनिक सदन बनेंगे
भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए सरकारने सात जिलों में समेकित सैनिक सदन बनाने की योजना तैयार की है। बजट में रक्षा बलों में भर्ती को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य में राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और तकनीकी कार्य प्रशिक्षण अकादमी स्थापित करने की योजना है।
इको-फ्रेंडली होगी सार्वजनिक परिवहन सेवा, एनसीआर में चलेंगी 124 इलेक्ट्रिक बस
प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन सेवा के वाहनों को इको-फ्रेंडली बनाने पर जोर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इसके लिए वर्ष 2021-22 के बजट में प्रविधान किए हैं। राज्य के 12 जिलों का 57 फीसद क्षेत्र एनसीआर में आता है। इसलिए इन क्षेत्रों में कम दूरी के रूट पर 124 इलेक्ट्रिक बस चलाई जाएंगी। 54 वोल्वो, मर्सिडीज सुपर लग्जरी एसी बसों और 18 सुपर लग्जरी एसी मल्टी-एक्सल बसों का संचालन कर रही है। इसके अलावा किलोमीटर स्कीम के तहत किराये पर ली गई 536 बसों का संचालन भी शुरू हो गया है।
इससे राज्य परिवहन के बेड़े में कुल बसों की संख्या पांच हजार से अधिक हो गई है। नए वित्तीय वर्ष में राज्य परिवहन विभाग ई-टिकटिंग प्रणाली भी शुरू कर देगी। यह प्रक्रिया जून 2021 तक पूरी हो जाएगी। सरकार इस वर्ष तीन चरणों में 1800 नई बसें भी खरीदेगी। मनोहर लाल ने पिछले वर्ष की तुलना में इस बार परिवहन विभाग का बजट 2307.44 करोड़ से बढ़ाकर 2408 करोड़ रुपये कर दिया।
छह नए वाहन फिटनेस केंद्र बनेंगे
वाहनों की फिटनेस के केंद्र अभी तक चार जिलों में ही हैं मगर अब सरकार ने छह नए फिटनेस केंद्र बनाने का प्रस्ताव किया है। ये केंद्र अंबाला, करनाल, हिसार, रेवाड़ी, फरीदाबाद और गुरुग्राम में बनेंगे।
हरियाणा की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें