Move to Jagran APP

Corona panic:हरियाणा में काेरोना के पांच मरीजों की पुष्टि, 3948 लाेग आइसोलेशन में

हरियाणा में कोरोना का खौफ लगातार बढ़ रहा है। राज्‍य में पानीपत अब तक कोराेना के पांच मरीजों की पुष्टि हुई है। 3948 लाेगों को आइसोलेशन या सर्विलांस पर रखा गया है।

By Sunil Kumar JhaEdited By: Published: Fri, 20 Mar 2020 09:40 AM (IST)Updated: Fri, 20 Mar 2020 11:54 AM (IST)
Corona panic:हरियाणा में काेरोना के पांच मरीजों की पुष्टि, 3948 लाेग आइसोलेशन में
Corona panic:हरियाणा में काेरोना के पांच मरीजों की पुष्टि, 3948 लाेग आइसोलेशन में

चंडीगढ़/पंचकूला, जेएनएन। हरियाणा में कोरोना वायरस COVID-19 का खौफ लगातार बढ रहा है। इसके संदिग्‍ध मरीज लगातार मिल रहे हैं। राज्‍य में अब तक कोरोना वायरस के पांच मरीजों की पुष्टि हुई है।  इनमें से दो के सैंपल पुणे भेजे गए हैं, रिपोर्ट आनी बाकी है। गुरुग्राम में अभी तक  दो लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि हो चुकी है, वहीं दो और महिलाओं की सैंपल रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें से 22 वर्षीय एक युवती 14 मार्च को लंदन से दिल्ली लौटी थी, जबकि दूसरी महिला लंदन से 7 मार्च को आई थी जिसे घर पर ही आइसोलेशन सेंटर में रखा गया था। वहीं पानीपत का एक युवक भी कोरोना से ग्रस्त पाया गया है। वह 15 मार्च को इंग्लैंड से लौटा था। राज्‍य में 3948 लोगों को आईसोलेशन में रखा गया है।  

loksabha election banner

पंचकूला में मिले चार संदिग्‍ध मरीज, करनाल में अस्‍पताल से भागी महिला

पानीपत में 19 साल के युवक के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि के बाद पंचकूला में इसके चार संदिग्‍ध मरीज मिलने से हड़कंप मच गया है। बताया जाता है कि इनमें से तीने लोग चंडीगढ़ में कोराना वायरस से संक्रमित युवती के संपर्क में थे। दूसरी ओर, करनाल में अस्‍पताल के आइसोलेशन वार्ड में दाखिल महिला चकमा देकर गायब हो गई। वह हाल में ही न्‍यूजीलैंड से लौट कर आई थी।

हरियाणा में सर्विलांस पर रखे 3948 लोग, एक ही दिन में 907 और लोगों को रखा सर्विलांस पर

कोरोना वायरस के बढ़ते प्रकोप से लोग बुरी तरह सहमे हुए हैं। आलम यह है कि मामूली खांसी-जुकाम और छींक आने पर भी बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंच रहे। यही वजह है कि प्रदेश में सर्विलांस पर रखे गए लोगों की संख्या में भी एक साथ भारी उछाल आया है। बुधवार तक जहां 3041 लोगों की निगरानी की जा रही थी, वहीं अब यह आंकड़ा 3948 पर पहुंच गया है। बृहस्पतिवार को एक ही दिन में 907 और लोगों को सर्विलांस पर रखा गया।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल और गृह मंत्री अनिल विज पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। उपायुक्तों से सभी जिलों की ग्राउंड रिपोर्ट लेते हुए मुख्यमंत्री ने सभी अस्पतालों में दवा के स्टॉक के साथ ही पर्याप्त मात्रा में सैनिटाइजर और मास्क के इंतजाम करने का निर्देश दिया है। प्रदेश में अभी तक कुल 108 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे जिनमें से 81 की रिपोर्ट निगेटिव आई है। पांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। प्रदेश में 591 लोग ऐसे हैं जो सर्विलांस के 28 दिन पूरे कर चुके हैं और उन्हें वायरस का खतरा नहीं है।

गुरुग्राम निवासी चौथे मरीज में कोरोना वायरस की हुई पुष्टि

गुरुग्राम शहर की पॉश कॉलोनी निरवाणा कंट्री निवासी महिला में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई, जिसके बाद कोरोना वायरस संक्रमित गुरुग्राम निवासियों की संख्या चार हो गई है। संक्रमित महिला दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में दाखिल है वहीं पर उसका सैंपल लिया गया था। इससे पहले महिला के पति में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद महिला को भी अस्पताल में दाखिल कर सैंपल लिया गया था।

गुरुग्राम के सिविल सर्जन जसवंत सिंह पूनिया ने बताया कि कोरोना पीडि़त पति के संपर्क में रहने से महिला भी संक्रमित हुई है। यह परिवार विदेश से आया था। 17 मार्च को पति की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इस दंपती के अलावा सेक्टर नौ ए निवासी 29 वर्षीय युवती कोरोना वायरस से संक्रमित मिली थी। मलेशिया से लौटी युवती का इलाज फोर्टिस अस्पताल में चल रहा है। इनके अलावा छह दिन पहले ब्रिटेन से लौटी पालम विहार निवासी युवती भी कोरोना वायरस से ग्रस्त पाई गई थी, जिसका इलाज सेक्टर 10 स्थित सरकारी अस्पताल के आइसोलेशन सेंटर में चल रहा है। 

पंचकूला में मिले काेरोना के चार संदिग्‍ध मरीज

पंचकूला में COVID-19 के चार संदिग्‍ध मरीज मिले हैं। पंचकूला के सेक्‍टर 6 के नागरिक अस्पताल  इस संदिग्‍ध मरीजों को आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करवाया गया है। इनमें से तीन लोग कोरोना पॉजिटिव मिली चंडीगढ़ सेक्टर-21 की युवती के संपर्क में आए थे। एक व्यक्ति धर्मशाला में किसी विदेशी के संपर्क में आया था। चारों के सैंपल पीजीआइ चंडीगढ़ भेज दिए गए हैं जिनकी रिपोर्ट आनी बाकी है।

जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ की जिस युवती में कोरोना वायरस पाया गया, उसके साथ हवाई जहाज में पंचकूला सेक्टर सात निवासी 21 वर्षीय युवक भी लंदन से आ रहा था। युवती के संक्रमित होने की जानकारी के बाद युवक को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

वहीं, पंचकूला के गांव खड़क मंगोली निवासी 40 वर्षीय महिला और उसके 17 वर्षीय बेटे को भी आइसोलेशन वार्ड में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि यह महिला चंडीगढ़ की उक्त कोरोना पॉजिटिव युवती के घर पर काम करने के लिए गई थी, जिसके बाद उसमें भी लक्षण पाए गए हैं। एहतियात के तौर पर उसके बेटे को भी भर्ती किया गया है। उधर, गांधी कॉलोनी निवासी 21 वर्षीय एक युवक को भी आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है। वह हाल ही में हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला शहर से लौटा था। उसमें कोरोना से मिलते-जुलते लक्षण मिले हैं। वह धर्मशाला में एक विदेशी के संपर्क में आया था।

आइसोलेशन वार्ड में दाखिल महिला चकमा देकर गायब, स्वास्थ्य विभाग के हाथ-पांव फूले

उधर करनाल के सिविल अस्‍पताल के आइसोलेशन वार्ड में चार आशंकित मरीज भर्ती किए गए थे। इनमें से बांसा गांव की एक महिला बिना बताए आइसोलेशन वार्ड से चली गई। इसकी जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। नमहिला द्वारा बताए गए पते पर स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार संपर्क कर रही है, गांव के सरपंच से भी इस बारे में टीम की बात हुई है, लेकिन महिला का कोई पता नहीं चला।

महिला ने बताया था कि वह कुछ दिन पहले न्यूजीलैंड से लौटी थी। वहीं इस मामले को लेकर सिविल सर्जन डॉ. अश्विनी आहुजा ने स्पष्ट किया कि महिला की जांच की गई थी, उनमें कोई लक्षण नहीं मिले थे। महिला बिना बताए गई है, हम संपर्क करने का प्रयास कर रहे हैं। महिला ने अपने कई बार बयान भी बदले हैं।

यह भी पढ़ें: पानीपत के युवक में COVID-19 संक्रमण की पुष्टि, किसान बाजार व अपनी सब्‍जी पर राेक

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


यह भी पढ़ें: COVID-19 से पंजाब में पहली मौत, कैबिनेट ने लिए पांच बड़े फैसले, कल से सभी बसें-ऑटो बंद


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.