क्रॉस वोटिंग करने वाली रेणुबाला समेत 5 विधायकों के खिलाफ एक्शन की तैयारी, भूपेंद्र हुड्डा बोले- हाईकमान को सब पता
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेसी विधायकों द्वारा क्रॉस वोटिंग के बाद कांग्रेस में मची उथल-पुथल पर हरियाणा के नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बयान दिया है।
HighLights
पांच कांग्रेसी विधायकों ने राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की।
भूपेंद्र हुड्डा ने बागी विधायकों पर कार्रवाई की पुष्टि की।
हुड्डा ने इनेलो को भाजपा की 'बी टीम' बताया।
राज्य ब्यूरो, पंचकूला। राज्यसभा सदस्य के लिए हुए चुनाव में कई कांग्रेसी विधायकों द्वारा क्रॉस वोटिंग करने के बाद कांग्रेस में मची उथल-पुथल के बीच हरियाणा के नेता प्रतिपक्ष तथा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने एक बार फिर बयान दिया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक रेणुबाला, शैली चौधरी, मोहम्मद इलियास , मोहम्मद इसराइल सहित पांच विधायक ने कांग्रेस उम्मीदवार कर्मवीर सिंह बौद्ध को वोट नहीं दिया। इन विधायकाें ने भाजपा समर्थित उम्मीदवार सतीश नांगल के पक्ष में मतदान किया।
जल्द मिलेंगे अंतिम परिणाम
उन्होंने दावा किया कि साढौरा से कांग्रेस की विधायक रेणुबाला ने मतदान को गोपनीय नहीं रखा है। हम तथा कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी कांग्रेस के पोलिंग एजेंट के रूप में मौजूद थे, दोनों ने उनके बैलेट पेपर को देख लिया था। सभी बातें पार्टी हाईकमान को पता है। बगावत करने वाले विधायकों के विरुद्ध जो भी कार्रवाई हो रही वह ठीक है। जल्द अंतिम परिणाम देखने को मिलेंगे।
नेता प्रतिपक्ष शुक्रवार को अपने दिल्ली स्थित आवास पर मीडिया से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इनेलो तो भाजपा की बी टीम है। जब पार्टी प्रमुख अभय चौटाला को पता था कि कांग्रेस उम्मीदवार जीत रहा तो उन्होंने तीन बजे तक इंतजार क्यों किया।
पार्टी के चार विधायकों के मत पत्र रद
नेता प्रतिपक्ष ने कहा बागी विधायकों को नोटिस दिया गया है। उचित जवाब नहीं मिलने पर पार्टी से बाहर कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि साजिश के तहत पार्टी के चार विधायकों के मत पत्र को रद किया गया।
गैस केिल्लत को लेकर उन्होंने कहा सरकार जब यह दावा कर रही है कि रसोई गैस सिलिंडर की प्रदेश में कोई किल्लत नहीं तो गैस एजेंसियों के गोदाम में लोगों की लाइन क्यों लग रही है। लोग परेशान हैं और मुख्यमंत्री तथा उनके कैबिनेट के साथी झूठे दावे कर रहे हैं।
