पंचकूला में युवती ने बच्चे को जन्म दिया तो हुआ खुलासा, पिता एक साल से कर रहा था दुष्कर्म
पंचकूला में पिता ही अपनी बेटी को एक साल से दुष्कर्म का शिकार बनाता रहा। मामले का खुलासा तब हुआ जब वह गर्भवती हुई और बच्चे को जन्म दिया।
जेएनएन, पंचकूला। यहां एक पिता ही अपनी 23 वर्षीय बेटी को कई महीनों से दुष्कर्म का शिकार बना रही थी। बेटी मंदबुद्धि है, इसलिए वह इस बात को किसी को बता भी नहीं पाई। मामले का खुलासा तब हुआ, जब वह गर्भवती हुई और अब उसने मृत बच्चे को जन्म दिया। पिता से जब इस बारे में सख्ती से पूछताछ गई तो उसने अपना जुर्म कबूल किया।
पंचकूला के अभयपुर में बाप-बेटी के रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक ऐसी घिनौनी वारदात सामने आई है। जिसमें एक कलयुगी बाप अपनी मंदबुद्धि बेटी के साथ बीते कई माह से दुष्कर्म करते आ रहा था। बाप की इस घिनौनी करतूत का पता तब चला जब बेटी प्रेग्नेंट हो गई और उसने एक मृत बच्चे को जन्म दिया। घटना की जानकारी मिलने पर पंचकूला की सेक्टर-20 थाना पुलिस ने आरोपी पिता के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पंचकूला जिला अंतर्गत आने वाले क्षेत्र में एक मंदबुद्धि युवती को प्रसव पीड़ा शुरू हुई और आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद लोगों ने सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसने एक मृत बच्चे को जन्म दिया। पुलिस ने जब आरोपी पिता को हिरासत में ले सख्ती से पूछताछ की तो उसने वारदात को कबूल कर लिया। इसके बाद सेक्टर 20 थाना पुलिस ने आरोपित पिता के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि लड़की की दो बहनें व दो भाई हैंं। मां भी साथ ही रहती है। परिवार के सदस्यों को भी गर्भवती होने का पता था, लेकिन उन्होंने बात को छिपाए रखा। पुलिस उनसे भी पूछताछ कर सकती है। लड़की को घर के अंदर ही बंद रखा जाता था। फिलहाल लड़की की स्थिति ठीक है। पुलिस उससे भी जानने का प्रयास करेगी।