राहुल गांधी के ट्रैक्टर यात्रा की हरियाणा में आज एंट्री, अब सिर्फ एक दिन रहेंगे, टकराव के आसार
कांग्रेस के पूव्र राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की ट्रैक्टर यात्रा आज पंजाब से हरियाणा में प्रवेश करेगी। हरियाणा में राहुल की ट्रैक्टर यात्रा का कार्यक्रम बदला गया है। अब राहुल सिर्फ एक दिन हरियाणा में रहेंगे। आज वह दिनभर हरियाणा में रहेंगे और रात को दिल्ली चले जाएंगे।
चंडीगढ़,जेएनएन। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद राहुल गांधी के हरियाणा दौरे में सोमवार शाम अचानक बदलाव हो गया। पहले राहुल गांधी दो दिन के लिए हरियाणा आने वाले थे, लेकिन अब वे एक दिन यानी सिर्फ मंगलवार को प्रदेश में इंट्री करेंगे और उसी दिन वापस दिल्ली लौट जाएंगे। राहुल की ट्रैक्टर यात्रा को लेकर हरियाणा सरकार और कांग्रेस के बीच टकराव की स्थिति पैदा हो गई है। दोनों ने अपनी-अपनी तैयारी की है।
कांग्रेसियों और सरकार ने की अपनी-अपनी तैयारी, कांग्रेस दिग्गजों ने कहा- यात्रा रोक कर दिखाए सरकार
राहुल गांधी पहले पिहोवा, कुरुक्षेत्र, पिपली, नीलोखेड़ी व करनाल में मंगलवार तथा बुधवार को जनसभाएं करने वाले थे। अब वह सिर्फ मंगलवार को पिहोवा से होते हुए कुरुक्षेत्र-पिपली तक पहुंचेंगे। राहुल ज्योतिसर भी जाएंगे। कुरुक्षेत्र व पिपली में जनसभा कर राहुल रात को ही वापस लौट जाएंगे।
राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और प्रदेश सरकार में टकराव के हालात बने हुए थे। यह टकराव हालांकि खत्म नहीं हुआ है, लेकिन एक दिन का दौरा होने की वजह से कम जरूर हो गया है। इसके बावजूद सरकार की पूरी तैयारी है। दूसरी ओर, कांग्रेस के दिग्गजों ने साफ कर दिया कि वे और उनके कार्यकर्ता किसी सूरत में सरकार के रोके नहीं रुकेंगे। कांग्रेस की तैयारी को देखते हुए प्रदेश सरकार के आला अधिकारी सोमवार को दिन भर बैठकों में व्यस्त रहे। चंडीगढ़ में गृह विभाग की बैठकों का सिलसिला चलता रहा।
हरियाणा सरकार ने कहा- सौ से ज्यादा लोग इकट्ठा नहीं होने देंगे
देर शाम गृह मंत्री अनिल विज ने चंडीगढ़ सचिवालय में राहुल के दौरे को लेकर अधिकारियों की बैठक ली, जिसमें गृह सचिव राजीव अरोड़ा, पुलिस महानिदेश मनोज यादव और सीआइडी प्रमुख आलोक मित्तल समेत पुलिस विभाग के आला अधिकारियों ने भाग लिया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी अपने प्रिंसिपल सेक्रेटरी राजेश खुल्लर के साथ चर्चा की।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने करनाल में बयान दिया कि राहुल गांधी के हरियाणा आने से कोई दिक्कत नहीं है, लेकिन किसी को कानून व्यवस्था हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी। गृह मंत्री विज के अनुसार राहुल के हरियाणा दौरे के मद्देनजर पंजाब से हरियाणा की तरफ आने वाले ट्रैक्टरों के मद्देनजर बार्डर तथा मारकंडा पुल पर करीब 500 पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं।