विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंचकूला में लुटेरों से मुठभेड़, जवाबी कार्रवाई में दो घायल और तीन गिरफ्तार

Published: Sat, 24 Oct 2026 10:26 PM (IST)

पंचकूला के रायपुर रानी के टाबर गांव में लुटेरों और क्राइम ब्रांच के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों तरफ से ...और पढ़ें

पंचकूला में लुटेरों से मुठभेड़। फोटो जागरण

पंचकूला में लुटेरों से मुठभेड़। फोटो जागरण

HighLights

  1. पंचकूला में लुटेरों और क्राइम ब्रांच के बीच मुठभेड़ हुई।

  2. दो लुटेरों को पैर में गोली लगी, एक पुलिसकर्मी घायल।

  3. तीन आरोपित गिरफ्तार, अवैध हथियार और बाइक बरामद।

जागरण संवाददाता, पंचकूला। रायपुर रानी के टाबर गांव में शनिवार को लुटेरों और पंचकूला पुलिस की क्राइम ब्रांच-1 के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार, दोनों तरफ से नौ राउंड फायरिंग हुई। जवाबी कार्रवाई में दो आरोपितों दीपक और अमितेश के पैर में गोली लगी।

वहीं, तीसरे आरोपित लखविंदर ने हाथापाई के दौरान हेड कांस्टेबल जसविंदर पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर दो अवैध पिस्टल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद की है।

डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि तीनों आरोपित क्षेत्र में किसी अन्य वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। इसके बाद एसीपी क्राइम अमन कुमार और क्राइम ब्रांच-1 के इंचार्ज मनोज के नेतृत्व में टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी गोली चलाई। मुठभेड़ में पुलिस की ओर से पांच और आरोपितों की ओर से चार राउंड फायर किए गए।

चार जिलों और पंजाब में दर्ज हैं करीब 10 मामले

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान दीपक निवासी अंबाला, अमितेश निवासी अंबाला और लखविंदर निवासी कुरुक्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, तीनों रायपुर रानी और चंडीमंदिर क्षेत्र में लूट, स्नैचिंग और चोरी की वारदातों में संलिप्त रहे हैं।

इनके खिलाफ पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र और पंजाब में हत्या के प्रयास, डकैती, लूट व स्नैचिंग से जुड़े करीब 10 मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है। आरोपित कुरुक्षेत्र में भी वांछित बताए जा रहे हैं।

नेटवर्क खंगालने में जुटी पुलिस

मुठभेड़ में घायल दोनों आरोपितों और पुलिसकर्मी का उपचार चल रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपितों की हालत सामान्य होने के बाद उनसे विस्तृत पूछताछ की जाएगी। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि वे किन अन्य वारदातों में शामिल रहे हैं और उनके आपराधिक नेटवर्क में कौन-कौन शामिल है।

पुलिस कमिश्नर पंकज नैन ने कहा कि लूट, डकैती और स्नैचिंग सहित गंभीर अपराधों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।