विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के चार बड़े शहरों में कूड़े से बनेगी बिजली, मंत्री विपुल गोयल ने किया एलान

Published: Wed, 21 Oct 2026 11:15 PM (IST)

हरियाणा सरकार ने हिसार, गुरुग्राम, फरीदाबाद और अंबाला में कूड़े से बिजली बनाने की नई योजना तैयार की है।

हरियाणा के चार बड़े शहरों में कूड़े से बनेगी बिजली।

हरियाणा के चार बड़े शहरों में कूड़े से बनेगी बिजली।

HighLights

  1. हरियाणा के चार शहरों में कूड़े से बिजली बनेगी

  2. ऑयल इंडिया के साथ मिलकर परियोजनाएं शुरू होंगी

  3. शहरी सफाई और कचरा निपटान में बड़ा सुधार

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा के शहरों में कूड़े के पहाड़ों से निपटने और सफाई व्यवस्था को जवाबदेह बनाने के लिए सरकार ने नई योजना तैयार की है। हिसार, गुरुग्राम, फरीदाबाद और अंबाला में कचरे से बिजली बनाने की परियोजनाएं शुरू करने की तैयारी है।

इसके लिए ऑयल इंडिया के साथ करार किया गया है। परियोजनाओं की निविदा प्रक्रिया से पहले आवश्यक दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। प्रदेश के शहरी निकाय मंत्री विपुल गोयल ने दावा किया कि इन परियोजनाओं से कचरे के निस्तारण में मदद मिलेगी और शहरों में लंबे समय से बनी सफाई संबंधी समस्याओं को दूर करने का रास्ता खुलेगा।

विपुल गोयल ने बताया कि प्रदेश के 87 शहरी निकायों में से 84 में घर-घर से कूड़ा उठाने के लिए ठेके दिए जा चुके हैं। इस व्यवस्था को तकनीक से जोड़ने की तैयारी है, ताकि आनलाइन पता चल सके कि किस घर से कूड़ा उठाया गया और कहां सफाई कर्मचारी नहीं पहुंचे। फरीदाबाद और गुरुग्राम में चार बड़ी कंपनियों को कचरा प्रबंधन का काम सौंपा गया है। इससे सफाई व्यवस्था की निगरानी और शिकायतों के निस्तारण में मदद मिलने की उम्मीद है।

निकाय मंत्री ने बताया कि स्वीडन में कचरा प्रबंधन के सफल अनुभवों का भी अध्ययन किया गया है। वहां एक बंदरगाह क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाने के उदाहरण से प्रेरणा लेते हुए हरियाणा में भी ऐसा माडल विकसित करने की योजना है।

गुजरात के गांधीनगर स्थित गिफ्ट सिटी में काम कर रही स्वीडन की कंपनी के अनुभव का लाभ लेने पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए जगह चिन्हित कर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से बातचीत चल रही है। दिवाली पर जगमगाएंगे शहर, बेसहारा पशुओं पर भी कार्रवाई

हरियाणा सरकार का कहना है कि दीपावली के दौरान शहरों और प्रमुख चौराहों पर रोशनी की व्यवस्था की जाएगी। बारिश के बाद सड़कों पर बने गड्ढों को भरने का काम भी चल रहा है। सड़कों पर घूमने वाले बेसहारा पशुओं को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाने की तैयारी है।

विपुल गोयल ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ स्वीडन दौरे के दौरान करीब चार हजार करोड़ रुपये के निवेश के लिए समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर हुए हैं। अगले वर्ष अप्रैल में प्रस्तावित निवेश सम्मेलन में स्वीडन के निवेशकों को आमंत्रित किया जाएगा।