दुष्यंत बोले, NCR में ईंट भट्ठों पर लगा प्रतिबंध हटाए केंद्र, मनरेगा मजदूरों से खेती का काम लेने की मिले मंजूरी
हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने केंद्र सरकार से एनसीआर की ईंट भट्टा इंडस्ट्री को खोलने की मांग की है।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने केंद्र सरकार से अनुरोध किया है कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल से NCR (राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र) में ईंट भट्ठों के संचालन पर लगाए गए प्रतिबंध को हटवाने के लिए प्रयास करें। राष्ट्रव्यापी लॉकडाउन अवधि के दौरान NCR में काफी हद तक पर्यावरण स्वच्छ हुआ है और हरियाणा का 57 प्रतिशत क्षेत्र NCR में आता है। इसलिए यहां ईंट भट्ठों पर लगा प्रतिबंध हटाया जा सकता है।
दुष्यंत चौटाला ने यह आग्रह केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के साथ हुई वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान किया। इस कांफ्रेंस में तोमर ने सभी राज्यों के ग्रामीण विकास मंत्रियों के साथ चर्चा की। दुष्यंत ने प्रस्ताव रखा कि बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर अपने मूल राज्यों को पलायन कर गए हैं। इसलिए मनरेगा के मजदूरों को कृषि क्षेत्र के कार्यों में लगाने की अनुमति दी जाए। हरियाणा की तरफ से इसके लिए केंद्र सरकार को पत्र भी लिखा जा चुका है। किसान चाहे तो मनरेगा के मजदूरों को अपनी तरफ से मजदूरी अलग से दे सकता है।
दुष्यंत चौटाला ने केंद्रीय मंत्री को बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश के तीन हजार आवेदन लंबित हैं। 15 मई से पहले प्रदेश को ‘आवास प्लस’ सर्वे के तहत इसे पूरा करने का लक्ष्य दिया जाए। नरेंद्र तोमर ने सभी राज्यों से आग्रह किया कि वे जल सरंक्षित करने के लिए केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय को अपने-अपने विभिन्न वाटरशेड स्थलों का दौरा करवाएं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना का ग्रामीण क्षेत्रों में फोकस रहेगा, क्योंकि शहरी क्षेत्रों में इस योजना का लक्ष्य लगभग पूरा हो चुका है। इस योजना के तहत एक करोड़ 21 लाख आवास बनने हैं। कई प्रदेशों को इसके अंतर्गत तीसरी व चौथी किस्त भी जारी हो चुकी है।
यह भी पढ़ें: लॉकडाउन की शर्तों में रियायत, श्रमिकों से 12 घंटे काम ले सकेंगे फैक्टरी मालिक
यह भी पढ़ें: हैलो... राजकुमार.. मैं पेट्रोलियम मंत्री बोल रहा हूं... कैसे हो, धर्मेंद्र प्रधान ने किया डिलीवरी ब्वाय से संवाद
यह भी पढ़ें: SHO ने थाने में निर्वस्त्र कर बनाई वीडियो, DGP बोले- आरोप सही, फिरोजपुर रेंज में किया तबादला
यह भी पढ़ें: गेहूं खरीद से अर्थव्यवस्था को गति, 26,600 करोड़ के कैश क्रेडिट लिमिट को मंजूरी