यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 15, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
राष्ट्रपति चुनाव में भाजपा की डिनर डिप्लोमेसी, भोज से इनेलो और कांग्रेस की दूरी
हरियाणा में राष्ट्रपति चुनाव के लिए सभी दल अपने-अपने दांवपेंच आजमा रहे हैं। भाजपा इसके लिए डिनर डिप्लोमेसी का सहारा ले रही है। राज्य में राजनीतिक हलचल चरम पर है।

जेएनएन,चंडीगढ़। राष्ट्रपति चुनाव के लिए हरियाणा में राजनीति चरम पर है। सोमवार को होने जा रहे मतदान से पहले एनडीए के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद के लिए अधिक से अधिक समर्थन जुटाने को भाजपा सभी दांव आजमा रही है। भाजपा डिनर डिप्लोमेसी के जरिये विधायकों और सांसदों को साधने में जुटी है। कोविंद काे समर्थन देेने का एलान कर चुका इनेलो इस डिनर बहिष्कार करेगा। कांग्रेस के विधायक भी इस डिनर में शामिल नहीं होंगे। राज्य सरकार की अोर से सभी 90 विधायकों को डिनर के लिए न्यौता दिया गया है।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए हरियाणा में सियासत चरम पर, रविवार काे चंडीगढ़ पहुंच जाएंगे अधिकतर विधायक
राष्ट्रपति चुनाव के लिए रविवार का दिन खास है। सभी दलों के ज्यादातर विधायक रविवार दोपहर तक राजधानी चंडीगढ़ पहुंच जाएंगे। इसके बाद दिग्गजों की मौजूदगी में सभी दल अपने-अपने उम्मीदवार के पक्ष में रणनीति बनाएंगे। सत्तारूढ़ भाजपा ने रात्रिभोज से पहले शाम पांच बजे विधायक दल की बैठक बुलाई है।
यह भी पढ़ें: राष्ट्रपति चुनाव में मीरा कुमार का समर्थन करेगी आप
डिनर से पहले विधायक दल की बैठक, मतदान प्रशिक्षण के साथ रणनीति पर होगा मंथन
इस बैठक में भाजपा विधायकों को चुनाव में मतदान की ट्रेनिंग दी जाएगी, ताकि किसी भी सूरत में राज्यसभा चुनाव में हुए स्याही विवाद का दोहराव न हो। मुख्यमंत्री मनोहर लाल सहित पार्टी के ज्यादातर मंत्री और विधायकों को राष्ट्रपति चुनाव में पहली बार वोटिंग करनी है, इसलिए विशेष सतर्कता बरती जाएगी। अनुभवी विधायक सभी को मतदान प्रक्रिया की बारीकियों से अवगत कराएंगे।
बैठक के तुरंत बाद भाजपा के सभी सांसद और विधायक डिनर में शामिल हाेंगे। सूत्रों ने पहले बताया था कि इनेलो विधायक इसमें अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकते हैं, लेकिन देर शाम पार्टी की ओर से कहा गया कि उसके विधायक इस डिनर में नहीं जाएंगे। बसपा के एक विधायक और पांच निर्दलीय विधायकों ने इस डिनर में भाग लेने के संकेत दिए हैं।
कांग्रेस ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि उसके विधायक इस डिनर में शामिल नहीं होंगे। संप्रग उम्मीदवार मीरा कुमार के पक्ष मेें खड़ी कांग्रेस अपने विधायकों को पार्टी लाइन से अलग जाने का कोई जोखिम नहीं लेना चाहती। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कोविंद से वादा कर रखा है कि हरियाणा से उन्हें 75 वोट दिलाए जाएंगे।
यह भी पढ़ें: पथरी का आपरेशन कराने गया था और डॉक्टर ने निकाल ली किडनी
राष्ट्रपति चुनाव में हरियाणा में वोटों का गणित
कुल विधायक- 90
एक विधायक की वोट वेल्यू- 112
विधायकों की कुल वोट वेल्यू- 10080
भाजपा विधायक की वोट वेल्यू- 5264
इनेलो विधायकों की वोट वेल्यू- 2128
कांग्रेस विधायकों की वोट वेल्यू- 1904
5 निर्दलीय विधायकों की वोट वेल्यू- 560
एक अकाली विधायक की वोट वेल्यू - 112
एक बसपा विधायक की वोट वेल्यू- 112
