फिलहाल फैसला, हरियाणा में लोकसभा के साथ नहीं होंगे विधानसभा चुनाव
हरियाणा में विधानसभा चुनाव को लोकसभा चुनाव के साथ कराने की चर्चा पर फिलहाल विराम लग गया है। हरियाणा भाजपा की कोर कमेटी की बैठक में तय किया गया है कि विधानसभा नियत समय पर होंगे।
नई दिल्ली, [बिजेंद्र बंसल]। हरियाण में विधानसभा चुनाव को लोकसभा चुनाव कराने की सरगर्मी पर फिलहाल ब्रेेक लग गया है। हरियाणा भाजपा लोकसभा के साथ विधानसभा चुनाव कराने के पक्ष में नहीं है। हरियाणा भाजपा की काेर कमेटी की बैठक में तय किया गया है कि राज्य में विधानसभा नियत समय पर कराए जाएं। राज्य विधानसभा का कार्यकाल अक्टूबर में समाप्त होगा। दूसरी ओर, अब भी कहा जा रहा है कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व लोकसभा चुनाव के साथ ही हरियाणा में विधानसभा का चुनाव कराने का फैसला कर सकता है और इस बारे में 27 फरवरी के बाद ऐलान किया जा सकता है।
हरियाणा भाजपा कोर कमेटी व चुनाव समिति की बैठक ने लिया निर्णय
नई दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में राज्य भाजपा की कोर कमेटी व लोकसभा चुनाव समिति की बैठक हुई। इसमें हरियाण में लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव के बारे में चर्चा की गई। लोकसभा चुनाव समिति के सदस्यों ने निर्णय लिया है कि पहले लोकसभा की 10 सीटों को जीतने पर ही फोकस किया जाएगा। काेर कमेटी के सदस्यों ने भी ऐसा ही निर्णय किया। बैठक के बाद प्रदेश प्रभारी महासचिव डॉ.अनिल जैन ने बताया कि इस बारे में सभी पहलुओं पर विचार किया गया।
पहले लोकसभा की 10 सीट जीतने पर रहेगा फोकस
इस बैठक की अध्यक्षता लोकसभा चुनाव प्रभारी कलराज मिश्र ने की। बैठक में लोकसभा चुनाव के सहप्रभारी विश्वास सारंग, मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह,राव इंद्रजीत सिंह, कृष्णपाल गुर्जर, राज्य सरकार के मंत्री रामबिलास शर्मा, कैप्टन अभिमन्यु, ओमप्रकाश धनखड़ सहित प्रदेश संगठन महामंत्री सुरेश भट्ट ने हिस्सा लिया।
केंद्रीय नेतृत्व करेगा अंतिम फैसला, 27 फरवरी के बाद हो सकता है विधानसभा भंग करने पर फैसला
दूसरी ओर, भाजपा के सूत्र यह भी संकेत दे रहे हैं कि केंद्रीय नेतृत्व के आदेश पर 27 फरवरी को बजट सत्र के बाद विधानसभा भंग करने का निर्णय भी किया जा सकता है। बता दें कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी कोर कमेटी की बैठक से पूर्व इस चर्चा का खंडन नहीं किया था कि 27 फरवरी को बजट सत्र के बाद विधानसभा भंग की जा सकती।
---------------
चुनाव समिति ने तैयार किया लोकसभा चुनाव जीतने का खाका
बैठक के बाद प्रदेश प्रभारी महासचिव डॉ. अनिल जैन ने बताया कि हरियाणा में कलस्टर बैठकें होंगी। पहली बैठक 10 फरवरी को और दूसरी 16 फरवरी को तथा तीसरे 27 फरवरी को होगी। दूसरे कलस्टर में अंबाला, कुरुक्षेत्र सोनीपत होंगे। तीसरे कलस्टर में मेरा घर भाजपा का घर अभियान शुरू होगा।
उन्होंने बताया कि 12 फरवरी से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह अहमदाबाद से इस अभियान की शुरूआत करेेंगे। इसी दिन सभी भाजपा पदाधिकारी अपने घर से इसकी शुरूआत करेंगे। 13 से 20 फरवरी तक यह अभियान पूरे देश में चलेगा। इसके बाद 26 फरवरी से कमल ज्योति अभियान शुरू होगा। इसके तहत 100 जगह कार्यक्रम होंगे। 2 मार्च को मोटरसाइकिल रैली भी निकाली जाएगी।