हरियाणा में नकली बीजों पर लगेगी लगाम, हिसार-गुरुग्राम में खुलेंगी आर्गेनिक बीज लैब
हरियाणा सरकार किसानों को गुणवत्तापूर्ण प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने और नकली बीजों पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी मजबूत करेगी।

हिसार-गुरुग्राम में बनेंगी आर्गेनिक बीज लैब। एआई जेनरेटेड तस्वीर
HighLights
नकली व घटिया बीजों की बिक्री पर अंकुश लगेगा
हिसार और गुरुग्राम में आर्गेनिक बीज लैब बनेंगी
प्राकृतिक एवं आर्गेनिक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में किसानों को गुणवत्तापूर्ण प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने और नकली व घटिया बीजों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए निगरानी व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।
साथ ही प्राकृतिक एवं आर्गेनिक खेती को बढ़ावा देने के लिए हिसार और गुरुग्राम में आर्गेनिक बीजों से संबंधित नई लैब स्थापित करने की दिशा में काम होगा।
हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहन लाल कौशिक ने मंगलवार को चंडीगढ़ में विभिन्न बोर्ड, निगमों और अधिकारियों की समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर प्रमाणित बीज उपलब्ध कराने की व्यवस्था मजबूत की जाए और बीजों की गुणवत्ता की नियमित निगरानी हो, ताकि नकली बीजों से किसानों को नुकसान न उठाना पड़े।
बैठक में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए बड़े फार्मिंग क्षेत्रों में किसानों को प्रोत्साहित करने तथा सब्जियों के बीज के बजाय गुणवत्तापूर्ण पौध उपलब्ध कराने की दिशा में काम करने के निर्देश दिए गए।
हिसार और गुरुग्राम में प्रस्तावित आर्गेनिक बीज लैब से बीजों की गुणवत्ता जांच और प्रमाणीकरण की सुविधा विकसित होने की उम्मीद है। वहीं, मोरनी क्षेत्र के किसानों की करीब चार हजार एकड़ में ओलिव प्लांटेशन की मांग पर भी गंभीरता से विचार करने का निर्णय लिया गया। संबंधित विभाग क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों और संभावनाओं का अध्ययन कर आगे की कार्रवाई करेंगे।
