Coronavirus Haryana Lockdown: कई जगह बेपरवाह दिखे लोग, बहादुरगढ़ में पुलिस का Flag March
Corona virus haryana lockdown हरियाणा में सभी जिलों में लॉकडाउन है। कुछ शहरों व कस्बों में सड़कों पर इसका असर दिख रहा है लेकिन अभी भी कई जगह ऐसी हैं जहां लोग बेपरवाह हैं।
जेएनएन, चंडीगढ़। Corona virus haryana lockdown: हरियाणा में सभी जिलों में लॉकडाउन है। कुछ शहरों व कस्बों में सड़कों पर इसका असर दिख रहा है, लेकिन अभी भी कई जगह ऐसी हैं जहां लोग बेपरवाह हैं। पुलिस प्रशासन लोगों को जागरूक करने में जुटा है। कई जगह मुनादी कर लोगों को घरों से बाहर न निकलने को कहा जा रहा है। उधर, बहादुरगढ़ में पुलिस ने सड़कों पर फ्लैग मार्च निकाला।
बता दें, पहले हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, पानीपत व पंचकूला में लॉकडाउन किया था, लेकिन कल शाम को राज्य के अन्य जिलों में भी लॉकडाउन घोषित कर दिया गया। हालांकि लॉकडाउन के दौरान लोगों को दूध, सब्जी आदि जरूरत की चीजें मिलती रहेंगी। लोगों को बिना किसी काम के बाहर न निकलने को कहा जा रहा है।
कैथल में सड़कों पर घूम रहे लोगों को समझाती पुलिस।
कैथल में लोग सुबह रूटीन की तरह निकलते दिखे। माना जा रहा है कि अगर ऐसे ही लोगों की आवाजाही दिन में भी बनी रही तो प्रशासन सख्ती भी कर सकता है। लॉकडाउन के बावजूद सड़कों पर घूम रहे लोगों को समझाने के लिए एसएचओ थाना शहर प्रदीप कुमार पहुंचे और लोगों को घर भेजा। पुलिस कर्मी सड़कों पर पैदल मार्च करके लोगों से घरों में रहने की अपील कर रहे हैं। कुरुक्षेत्र के बाबैन में बाजार बंद रहा। हालांकि सब्जी मंडी में सामान्य दिनों की तरह स्थिति दिखी।
यमुनानगर में लॉकडाउन के बावजूद सड़क पर आवाजाही जारी रही।
हिसार में लॉकडाउन पूरी तरह से बेअसर दिख रहा है। सब्ज़ीमंडी मार्केट खुली रही। लोगों की आवाजाही भी सामान्य रही। रोहतक में भी सब्जी मंडी खुली रही। बसें नहीं चली। लोग लाखनमाजरा के बस स्टैंड पर साधनों के इंतजार में खड़े रहे। रोहतक के हुडा सिटी पार्क में सामान्य दिनों लोगों का जमावड़ा रहता था, लेकिन अब लॉकडाउन के चलते लोगों ने यहां आने से दूरी बना ली है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें