हरियाणा में 7 अक्टूबर को कांग्रेस की बड़ी बैठक, SIR प्रक्रिया की समीक्षा करेंगे हुड्डा और राव नरेंद्र
हरियाणा कांग्रेस 7 अक्टूबर को चंडीगढ़ में मतदाता सूचियों की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की समीक्षा के लिए एक प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित करेगी।

मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए एसआईआर की गहन समीक्षा करेगी हरियाणा कांग्रेस।
HighLights
कांग्रेस 7 अक्टूबर को चंडीगढ़ में मतदाता सूची समीक्षा बैठक करेगी
एसआईआर अभियान के तहत मतदाता अधिकारों की रक्षा पर जोर दिया जाएगा
45-50 लाख मतदाताओं के नाम हटने की आशंका पर चर्चा होगी
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बीच प्रदेश कांग्रेस ने मतदाता सूचियों की समीक्षा के लिए सात अक्टूबर को चंडीगढ़ में प्रदेश स्तरीय बैठक बुलाई है।
कांग्रेस मुख्यालय में दोपहर दो बजे होने वाली इस बैठक में पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधानसभा में विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत पार्टी के प्रमुख नेता शामिल होंगे। बैठक का मुख्य फोकस एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं के नामों, दावों-आपत्तियों और पात्र नागरिकों के मतदाता सूची में शामिल होने से जुड़े मामलों की समीक्षा करना है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की ओर से जारी पत्र में जिला स्तर पर नियुक्त एसआईआर प्रभारियों को अपने-अपने जिलों में बैठक कर विधानसभा क्षेत्रवार विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। इन रिपोर्टों में मतदाता सूचियों से हटाए गए नाम, संभावित रूप से हटाए जाने वाले नाम, प्राप्त दावे और आपत्तियां तथा पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होने से संबंधित जानकारी विधानसभा क्षेत्रवार जुटाने को कहा गया है।
कांग्रेस के पत्र में दावा किया गया है कि प्रदेश में करीब 2.6 करोड़ मतदाताओं के बीच एसआईआर प्रक्रिया के दौरान मृतक, दोहरे नामांकन, स्थान परिवर्तन, अनुपस्थित मतदाताओं और अन्य कारणों से जारी नोटिसों के आधार पर बड़ी संख्या में नाम प्रभावित हो सकते हैं। कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त ने 45 से 50 लाख मतदाताओं के नाम हटाए जाने की संभावित आशंका का उल्लेख किया है।
बैठक में 30 सितंबर तक दावों और आपत्तियों की स्थिति की समीक्षा के साथ-साथ बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) की विधानसभा क्षेत्रवार भूमिका और प्रदर्शन का भी आकलन किया जाएगा। बिना प्रक्रिया पूरी किए रह गए नोटिसों और उनके कारणों की जानकारी जुटाने तथा निर्वाचन आयोग द्वारा फार्म-6 में किए गए बदलावों के आधार पर युवा मतदाताओं के पंजीकरण की स्थिति पर भी चर्चा होगी।
कांग्रेस ने अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद छूटे हुए पात्र नागरिकों और युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए बीएलए-1 की नियुक्ति की भी समीक्षा करने का एजेंडा तय किया है। पार्टी की ओर से सभी सांसदों, विधायकों और जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों से एसआईआर प्रभारियों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है। राव नरेंद्र के अनुसार बैठक का उद्देश्य मतदाता अधिकारों से जुड़े मामलों की विधानसभा स्तर तक निगरानी और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करना है।
एक्शन कमेटी में यह नेता हैं पदाधिकारी
हरियाणा कांग्रेस की राज्य स्तरीय एक्शन एवं मानीटरिंग कमेटी (एसआईआर) में प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, थानेसर के विधायक अशोक अरोड़ा, नूंह के विधायक आफताब अहमद, रोहतक के विधायक बीबी बत्रा, पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा, पूर्व मंत्री कर्ण सिंह दलाल, पूर्व मंत्री डॉ. एमएल रंगा, एडवोकेट रणधीर राणा, सुरेंद्र शर्मा, धर्मवीर गोयत, एडवोकेट श्वेता ढुल, एडवोकेट मोहन ढिल्लो, रिटायर्ड आइएएस विनय यादव और एडवोकेट बीरेंद्र रंगा शामिल हैं।
