विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किसानों की समस्या व कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस ने हरियाणा सरकार को घेरा, हुड्डा-राव और दत्त ने CM से मांगा इस्तीफा

Published: Fri, 16 Oct 2026 07:56 PM (GMT+05:30)

हरियाणा कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर किसानों की समस्याओं, कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार को लेकर निशाना साधा है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा, ...और पढ़ें

राव नरेंद्र सिंह और संजय दत्त। फाइल फोटो

राव नरेंद्र सिंह और संजय दत्त। फाइल फोटो

HighLights

  1. किसानों की समस्याओं, भुगतान में देरी पर सरकार को घेरा।

  2. कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और फिरौती की घटनाओं पर चिंता जताई।

  3. मुख्यमंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा मांगा।

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी संजय दत्त, विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने संयुक्त बयान जारी कर भाजपा सरकार पर निशाना साधा। तीनों नेताओं ने किसानों की समस्याओं, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार और चुनावी प्रक्रिया से जुड़े आरोपों पर सरकार से जवाब मांगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से तत्काल इस्तीफा देने की मांग भी की।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश की मंडियों में किसान फसल बेचने, उठान और भुगतान के लिए परेशान हैं, जबकि व्यापारी फिरौती और रंगदारी की घटनाओं से भयभीत हैं। मुख्यमंत्री के विदेश दौरों पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि चार से छह अक्टूबर तक सिंगापुर और 14 से 17 अक्टूबर तक स्वीडन के दौरे के दौरान प्रदेश की समस्याएं उपेक्षित रहीं। कांग्रेस ने फसल खरीद व्यवस्था दुरुस्त कर किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।

निष्पक्ष जांच की मांग

हत्याओं, फिरौती और रंगदारी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए नेताओं ने अपराधियों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई, व्यापारियों की सुरक्षा और पुलिस की जवाबदेही तय करने का आग्रह किया। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कथित अवैध हिरासत और विपक्ष की लोकतांत्रिक गतिविधियों में बाधा डालने के मामलों की निष्पक्ष जांच की मांग की। भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अनियमितताओं की शिकायतों की समयबद्ध जांच कर दोषियों को दंडित करने की भी बात कही।

हुड्डा, दत्त और राव ने पिछले विधानसभा चुनाव के बाद उठे वोट चोरी के आरोपों तथा मतदाता सूचियों में बदलाव की स्वतंत्र और व्यापक जांच कर तथ्य सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि गंभीर चुनावी आरोपों और शासन संबंधी मुद्दों पर मुख्यमंत्री नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें।