यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 17, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Congress President Election: हरियाणा में 195 में से 193 वोट पड़े, 11 ने चंडीगढ़ से बाहर किया मतदान
Congress President Election हरियाणा में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए भूपेंद्र हुड्डा कुमारी सैलजा व कैप्टन अजय ...और पढ़ें

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में हरियाणा के 195 प्रदेश प्रतिनिधियों (डेलीगेट) में से 193 ने अपने वोट के अधिकार का इस्तेमाल किया है। हरियाणा कांग्रेस कमेटी के 182 प्रदेश प्रतिनिधियों ने चंडीगढ़ स्थित पार्टी कार्यालय में वोट डाले, जबकि 11 प्रदेश प्रतिनिधियों ने चंडीगढ़ से बाहर अलग-अलग राज्यों में मतदान किया है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी सैलजा और पूर्व मंत्री कैप्टन अजय सिंह यादव समेत अधिकतर विधायक चंडीगढ़ में अपने वोट के अधिकार का इस्तेमाल करते हुए कांग्रेस संगठन के चुनाव में लोकतांत्रिक व्यवस्था के गवाह बने।
पार्टी कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सुबह करीब साढ़े 11 बजे मतदान किया। उसके बाद प्रदेश अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने वोट डाला। भूपेंद्र सिंह हुड्डा के जाने के बाद कुमारी सैलजा कार्यालय पहुंची और अपने वोट के अधिकार का इस्तेमाल किया।
पूर्व विधायक एवं आदमपुर उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार जयप्रकाश जेपी चुनाव में व्यस्तता की वजह से मतदान करने नहीं आए, जबकि पूर्व स्पीकर एवं विधायक डा. रघबीर कादयान बीमार हैं, इसलिए वह चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने नहीं पहुंचे।
फरीदाबाद एनआइटी के विधायक नीरज शर्मा पंजाब में एपीआरओ हैं। उन्होंने चंडीगढ़ स्थित पंजाब कांग्रेस कार्यालय में अपना वोट डाला। वीरेंद्र राठौर ने गुजरात के अहमदाबाद में वोट डाला, जबकि किरण चौधरी ने मुंबई में मतदान किया।
हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी प्रधान जितेंद्र भारद्वाज और सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने नई दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय में वोट डाले। रणदीप सिंह सुरजेवाला कर्नाटक में राहुल गांधी के साथ भारत जोड़ो यात्रा पर हैं। उन्होंने वहीं मतदान किया।
विनीत पुनिया ने दिल्ली, प्रदीप नरवाल ने लखनऊ, आशीष दुआ व अनिरुद्ध चौधरी ने दिल्ली में मतदान किया। चक्रवर्ती शर्मा ने भोपाल में मतदान किया। कांग्रेस अध्यक्ष पद के उम्मीदवार मल्लिकार्जुन खड़गे के पोलिंग एजेंट की भूमिका में विधायक वरुण मुलाना और दिव्यांशु बुद्धिराजा रहे, जबकि दूसरे उम्मीदवार शशि थरूर के पोलिंग एजेंट विजय ढिल्लो व वीरेंद्र सिंह थे।
पीआरओ के रूप में पूर्व सांसद एपी सेठी, एपीआरओ हरपाल ठाकुर व विपिन नेगी की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया शाम चार बजे तक चली। तीनों चुनाव अधिकारी एक बैलेट पेपर बाक्स लेकर नई दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं, जहां 19 अक्टूबर को मतों की गिनती होगी।
