विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 08, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Haryana Politics: 'बिना बुलाए कोई न जाएं वायनाड', प्रियंका गांधी की हाजिरी लगाने पहुंच रहे नेताओं पर कांग्रेस की रोक, जानिए क्यों?

Published: Fri, 08 Nov 2024 05:57 PM (IST)

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी केरल के वायनाड से लोकसभा उपचुनाव लड़ रही हैं। हरियाणा के कई नेता और कार्यकर्ता बिना ...और पढ़ें

Haryana Politics: प्रियंका गांधी की हाजिरी लगाने पहुंच रहे नेताओं पर कांग्रेस की रोक। फाइल फोटो
Haryana Politics: प्रियंका गांधी की हाजिरी लगाने पहुंच रहे नेताओं पर कांग्रेस की रोक। फाइल फोटो

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। केरल के वायनाड से चुनाव लड़ रही कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की हाजिरी लगाने पहुंच रहे हरियाणा के नेताओं को रोक दिया गया है। इन नेताओं से कहा गया है कि वे बिना बुलाए वायनाड ना जाएं।

कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की ओर से जिस भी नेता और कार्यकर्ता की उपचुनाव में ड्यूटी लगाई जाएगी, सिर्फ वही प्रियंका गांधी के चुनाव में प्रचार के लिए वायनाड पहुंचे। हरियाणा कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष चौधरी उदयभान ने इस संबंध में एक परिपत्र जारी किया है।

दीपेंद्र हुड्डा और विनेश फोगाट की फोटो वायरल

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और विधायक विनेश फोगाट के वायनाड पहुंचने के बाद प्रदेश अध्यक्ष ने पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं को प्रियंका गांधी का चुनाव प्रचार करने जाने से रोका है। इंटरनेट मीडिया पर दीपेंद्र सिंह हुड्डा और विनेश फोगाट की प्रियंका गांधी से मुलाकात करते हुए फोटो वायरल हुई है।

हरियाणा से कई नेता और कार्यकर्ता अपनी हाजिरी लगाने के लिए वायनाड पहुंच रहे हैं। चौधरी उदयभान ने जारी परिपत्र में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा है कि वे स्वयं के स्तर पर फैसला कर प्रचार करने के लिए वायनाड ना जाएं। जिन कार्यकर्ताओं की वायनाड में ड्यूटी लगाई जाएगी, उन्हें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा सूचित किया जाएगा।

वायनाड सीट पर कांग्रेस का कब्जा

वायनाड लोकसभा सीट का उपचुनाव राहुल गांधी के इस्तीफे की वजह से कराया जा रहा है। बुधवार को प्रियंका गांधी ने वायनाड में नामांकन दाखिल किया था, जिसके बाद कार्यकर्ताओं के बीच वायनाड में प्रचार करने की होड़ मची हुई है। प्रियंका गांधी के सामने भाकपा के सत्यन मोकेरी और भाजपा की नव्या हरिदास चुनाव मैदान में हैं।

वायनाड लोकसभा सीट पर उपचुनाव का मतदान 13 नवंबर को जबकि मतगणना 23 नवंबर को होगी। केरल की वायनाड सीट 2008 से अस्तित्व में आई है। तब से वायनाड लोकसभा सीट पर कांग्रेस का कब्जा रहा है।

जानिए क्यों हो रहा उपचुनाव

वायनाड में अब तक हुए चार चुनावों में कांग्रेस के प्रत्याशी ही जीतते रहे हैं, जिसमें से राहुल गांधी ने दो बार जीत हासिल की है। यह सीट केरल राज्य में है जो वामपंथियों का गढ़ माना जाता है। लेकिन इस सीट पर वे कभी जीत नहीं पाए और हमेशा नंबर दो पर ही रहे हैं।

राहुल गांधी उत्तर प्रदेश की रायबरेली लोकसभा सीट से भी निर्वाचित हुए थे तो उन्होंने वायनाड सीट से इस्तीफा दे दिया था। चौधरी उदयभान का कहना है कि वायनाड में कार्यकर्ताओं की संख्या और काम को लेकर रणनीति बनाई गई है, उसके आधार पर जिम्मा सौंपा जाएगा।