कोरोना से लड़ाई में कांग्रेस ने संभाला मोर्चा, सभी जिला मुख्यालयों व 180 ब्लाकों में बनाए वार रूम
कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में कांग्रेस भी सक्रिय हो गई है। पार्टी ने जरूरतमंदों की मदद के लिए सभी जिला मुख्यालयों व ब्लाकों में वार रूम बना दिए हैं।
जेएनएन, चंडीगढ़। एक तरफ जहां Coronavirus COVID-19 को हराने के लिए हरियाणा सरकार द्वारा कई योजनाएं लागू की जा रही हैंं, वहीं प्रदेश के विपक्षी राजनीतिक दल कांग्रेस ने भी अब मोर्चा संभाल लिया है। कांग्रेस ने प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों तथा सभी 180 ब्लाकों में वार रूम बनाकर जरूरतमंद लोगों के लिए राहत कार्य शुरू कर दिए हैं। यह काम हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष कु. सैलजा के नेतृत्व में हो रहा है। कांग्रेस विधायक दल की नेता रह चुकी किरण चौधरी और उनकी पूर्व सांसद बेटी श्रुति चौधरी अपने स्तर पर तीन जिलों महेंद्रगढ़, दादरी व भिवानी में काम कर रही हैं, जबकि राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने अपने संसदीय क्षेत्र में जरूरतमंद लोगों की सेवा की गतिविधियां बढ़ा दी हैं।
कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने पार्टी के विधायकों व अन्य पदाधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बैठक कर फीडबैक हासिल किया, जिसमें प्रदेश स्तर पर चल रहे राहत एव बचाव कार्यों में अपनी भूमिका सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए थे। इसे अमली रूप देने के लिए कार्यवाही शुरू हो गई। हरियाणा कांग्रेस के चंडीगढ़ मुख्यालय में बनाए गए वार रूम के प्रभारी एवं सैलजा के राजनीतिक सलाहकार पूर्व सीपीएस रामकिशन गुर्जर, कांग्रेस के कोषाध्यक्ष रोहित जैन व पार्टी प्रवक्ता बाल मुकंद शर्मा ने बताया कि पार्टी द्वारा जिला व ब्लाक स्तर पर अपने नेताओं व कार्यकर्ताओं को तैनात कर दिया गया है।
कांग्रेस के प्रांतीय प्रवक्ता रोहित जैन के अनुसार किसी भी व्यक्ति को अगर भोजन व दवाइयों की जरूरत होगी तो कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता उनकी हर संभव मदद करेंगे। रामकिशन गुज्जर ने बताया कि कुछ लोग सीधे चंडीगढ़ मुख्यालय पर भी संपर्क कर रहे हैं, जिसके चलते यहां नीरज कुमार व तलविंदर सिंह नामक दो वरिष्ठ सहयोगियों की पक्की डयूटी लगाई गई है। यहां आने वाली कॉल को संबंधित जिला प्रभारी, विधायक तथा अथवा पार्टी नेता के पास ट्रांसफर कर दिया जाएगा। इसके अलावा अगर जिला स्तर पर पार्टी पदाधिकारी को किसी तरह की सहायता की जरूरत होगी वह भी पार्टी मुख्यालय द्वारा मुहैया करवाई जाएगी।
यह भी पढ़ें: Lockdown में प्रेमी के घर नहीं जा पा रही गर्भवती प्रेमिका, हाई कोर्ट में बताया भाई से जान का खतरा
यह भी पढ़ें: छह नशा तस्करों की तीन करोड़ की प्रॉपर्टी जब्त, गांवों में बनाई थी आलीशान कोठियां
यह भी पढ़ें: Corona virus lockdown के कारण भारत में फंसे 41 पाकिस्तानी नागरिक वतन लौटे