कंप्यूटर शिक्षकों और लैब सहायकों को मिलेगा सेवा विस्तार
हरियाणा सरकार पांच हजार कंप्यूटर शिक्षकों और लैब सहायकों को सेवा विस्तार दिया जाएगा। इसकी प्रक्रिया शुरू हो गई है और शीघ्र ही अादेश जारी कर दिया जाएगा।
जेएनएन, चंडीगढ़। नौकरी बचाने के लिए आंदोलनरत कंप्यूटर शिक्षकों और लैब सहायकों को सेवा विस्तार पर सीएमओ (मुख्यमंत्री कार्यालय) ने मुहर लगा दी है। वेतन वृद्धि और एक्सटेंशन की मांग पर सीएमओ की नोटिंग के साथ फाइल शिक्षा विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव धीरा खंडेलवाल के पास पहुंच गई है। जल्द ही विभाग करीब पांच हजार कंप्यूटर शिक्षकों और लैब सहायकों को सेवा विस्तार के आदेश जारी कर देगा।
पंचकूला में शिक्षा सदन के आगे डेरा जमाए बैठे कंप्यूटर शिक्षकों और लैब सहायकों के तीखे तेवरों को देखते हुए सरकार ने उन्हें बातचीत के लिए बुलाया था। कंप्यूटर शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष बलराम धीमान की अगुवाई में प्रतिनिधिमंडल बृहस्पतिवार दोपहर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव राजेश खुल्लर से वार्ता के लिए पहुंचा।
सीएम के प्रधान सचिव ने कंप्यूटर शिक्षकों को बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने उनके सेवा विस्तार को मंजूरी दे दी है। फाइल को शिक्षा सचिव के पास भेज दिया गया है जो जल्द ही इस बारे में आदेश जारी कर देंगी। इसके बाद कंप्यूटर शिक्षक अतिरिक्त मुख्य सचिव के कार्यालय में पहुंच गए और वहां फाइल मिलने की पुष्टि की।
कंप्यूटर शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष बलराम धीमान ने बताया कि सीएमओ से फाइल निकल कर शिक्षा विभाग में पहुंच गई है। अतिरिक्त मुख्य सचिव की ओर से भरोसा दिलाया गया है कि एक-दो दिन में उनके सेवा विस्तार के आदेश जारी हो जाएंगे। 31 मई को अनुबंध पूरा होने के बाद से ही हजारों कंप्यूटर शिक्षक और लैब सहायक आंदोलन पर चल रहे हैं।
-------
आंगनबाड़ी कर्मचारियों की मांगों पर एक्शन इसी माह
आंगनबाड़ी वर्कर की मांगों पर सरकार से पहली मार्च को हुए समझौते को लागू कराने के लिए आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ (भारतीय मजदूर संघ) का प्रतिनिधिमंडल महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रधान सचिव डॉ. राजाशेखर वुडरू से मिला। ढाई घंटे चली वार्ता के बाद प्रधान सचिव ने भरोसा दिलाया कि सेवा नियम बनाने, गर्मी व सर्दियों में छुट्टी सहित अन्य मांगों पर जल्द ही आदेश जारी कर दिए जाएंगे। प्रतिनिधिमंडल में आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ की प्रदेश महासचिव सुनीता धीमान, कार्यकारी अध्यक्ष विजय लक्ष्मी, हरियाणा राज्य कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री कृष्ण लाल गुर्जर, भामसं के प्रदेश महामंत्री हनुमान गोदारा शामिल थे।