सिंगापुर से लौटते ही एक्शन में CM नायब सैनी, अचानक बुलाई कैबिनेट बैठक; कानून व्यवस्था को लेकर भी करेंगे मीटिंग
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सिंगापुर दौरे से लौटने के बाद 10 अक्टूबर को कैबिनेट बैठक और 16 अक्टूबर को गृह ...और पढ़ें
-1791208720610_m.webp)
सिंगापुर से लौटते ही एक्शन में सीएम, 10 को बुलाई कैबिनेट की बैठक।
HighLights
मुख्यमंत्री नायब सैनी 10 अक्टूबर को कैबिनेट बैठक करेंगे।
16 अक्टूबर को गृह-पुलिस अधिकारियों संग कानून व्यवस्था की समीक्षा।
सिंगापुर दौरे के निवेश और एमओयू पर होगी चर्चा।
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। सिंगापुर दौरे से लौटने के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अहम बैठकों और पार्टी के कार्यक्रमों में व्यस्त रहेंगे। मुख्यमंत्री ने 10 अक्टूबर को सुबह 11 बजे राज्य मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई है।
इसके बाद 16 अक्टूबर को गृह एवं पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों की बैठक होगी। पहले यह बैठक नौ अक्टूबर को होनी थी, जिसकी तारीख बदल दी गई है। इससे पहले सात अक्टूबर को मुख्यमंत्री गुरुग्राम में भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ शामिल होंगे।
16 अक्टूबर को कानून व्यवस्था की बैठक में गृह विभाग और पुलिस विभाग के आला अधिकारी मौजूद रहेंगे। गृह सचिव और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मुख्यमंत्री के सामने प्रदेश की मौजूदा सुरक्षा स्थिति, अपराध की रोकथाम और पुलिस की कार्रवाई का ब्योरा रखेंगे।
बैठक ऐसे समय में हो रही है, जब प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष सरकार पर लगातार निशाना साध रहा है। गैंगस्टरों की सक्रियता और अलग-अलग जिलों में सामने आ रही संगीन वारदातों ने पुलिस के सामने चुनौती बढ़ा रखी है।
मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में संगठित अपराध, गैंगस्टर नेटवर्क, गंभीर आपराधिक घटनाओं और अपराधियों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा होने की संभावना है। पुलिस अधिकारियों से संवेदनशील जिलों में अपराध नियंत्रण के लिए उठाए गए कदमों और आगे की रणनीति की जानकारी ली जा सकती है। मुख्यमंत्री स्तर पर जिलावार कानून व्यवस्था की स्थिति का फीडबैक लेकर पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाने की उम्मीद है।
10 अक्टूबर की कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ सिंगापुर दौरे के दौरान हुए निवेश संबंधी एमओयू और संभावित निवेशकों के साथ हुई बातचीत की जानकारी साझा कर सकते हैं। बैठक में सरकार के आगामी फैसलों और विभिन्न विभागों से जुड़े प्रस्तावों पर भी चर्चा संभव है।
इस बीच मुख्यमंत्री कार्यालय में भी महत्वपूर्ण नियुक्ति की तैयारी है। मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण गुप्ता के सेवानिवृत्त होने के बाद अब इस पद पर नई नियुक्ति होनी है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री के सिंगापुर से लौटने के बाद इस संबंध में फैसला हो सकता है। सरकार की परंपरा के अनुसार मुख्यमंत्री लगभग हर महीने कैबिनेट की बैठक बुलाते हैं।
