Move to Jagran APP

पीएम नरेंद्र मोदी से मिले सीएम मनोहर लाल, हरियाणा भाजपा अध्यक्ष की नियुक्ति पर हुई चर्चा

हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने शुक्रवार पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। लगभग एक घंटे चली इस मुलाकात में हरियाणा भाजपा अध्यक्ष के नाम पर चर्चा हुई।

By Kamlesh BhattEdited By: Published: Fri, 10 Jul 2020 11:21 AM (IST)Updated: Fri, 10 Jul 2020 11:21 AM (IST)
पीएम नरेंद्र मोदी से मिले सीएम मनोहर लाल, हरियाणा भाजपा अध्यक्ष की नियुक्ति पर हुई चर्चा
पीएम नरेंद्र मोदी से मिले सीएम मनोहर लाल, हरियाणा भाजपा अध्यक्ष की नियुक्ति पर हुई चर्चा

नई दिल्ली [बिजेंद्र बंसल]। हरियाणा प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पद को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर अपने मन की बात कही। जो संकेत हैं उसके मुताबिक शीर्ष नेतृत्व जिस व्यक्ति को पार्टी संगठन अध्यक्ष पद के लिए योग्य और सक्षम समझता हो, वह हम सबके लिए स्वीकार है। पार्टी मजबूत रहेगी तो सरकार को भी मजबूती मिलेगी।

loksabha election banner

गौरतलब है कि प्रदेश में अध्यक्ष पद को लेकर दिल्ली और हरियाणा के नेताओं के बीच समन्वय बनाने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल बृहस्पतिवार ही दिल्ली पहुंच गए थे। दिन में सरकारी कामकाज निपटाने के बाद शाम को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर मुख्यमंत्री ने अपनी ओर से प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए अपनी पसंद के दो नाम बता दिए थे। इन दोनों नामों में से एक पर मुहर लगवाने के लिए मुख्यमंत्री शुक्रवार सुबह ठीक 10 बजे प्रधानमंत्री आवास 7 लोक कल्याण मार्ग पहुंचे। यहां उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से करीब एक घंटे राज्य की राजनीति पर चर्चा हुई।

मोदी से मिलकर निकले मुख्यमंत्री के मुखमंडल पर प्रसन्नता के भाव रहे। लेकिन शाम को गृह मंत्री अमित शाह से मिलने के बाद उनके चेहरे के भाव के बदले हुए थे। इससे पहले मुख्यमंत्री दिल्ली से रोहतक में बरोदा उपचुनाव के लिए बुलाई बैठक में हिस्सा लेने चले गए थे। लेकिन शाम को वह गृहमंत्री अमित शाह से मिलने वापस दिल्ली पहुंचे।

शाम को मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। सूत्रों के मुताबिक प्रदेश अध्यक्ष पद पर प्रदेश के पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, पूर्व कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, केंद्रीय राज्यमंत्री कृष्णपाल गुर्जर, प्रदेश भजपा महामंत्री संदीप जोशी,विधायक महीपाल ढांडा के नाम प्रमुख हैं। इनमें से किसी एक के नाम की घोषणा शीघ्र हो सकती है।

मुख्यमंत्री मनोहर लाल प्रदेश अध्यक्ष पद पर नाम सुझाने के लिए 24 जून को भी दिल्ली आए थे और तब उन्होंने राष्ट्रीय अध्यक्ष से मुलाकात की थी। तब यह कहा गया था कि अगले एक सप्ताह के अंदर प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा हो जाएगी। हालांकि इसके बाद जब दिल्ली और हरियाणा के नेताओं के बीच अध्यक्ष पद को लेकर कोई सहमति नहीं बनी तो मुख्यमंत्री मोदी-शाह के दरबार में पहुंचे।

पार्टी संगठन का काम देख रहे दिल्ली के नेता चाहते रहे हैं कि हरियाणा में भाजपा का नया अध्यक्ष राज्य सरकार की छाया से अलग केवल संगठन की मजबूती के लिए काम करे। हालांकि प्रदेश के कुछ नेता चाहते हैं कि नया अध्यक्ष ऐसा हो जिसमें सरकार और संगठन के बीच समन्वय रखने की काबलियत हो। उधर, बरोदा उपचुनाव के मद्देनजर पार्टी का शीर्ष नेतृत्व किसी दमदार जाट नेता को यह जिम्मेदारी सौंपना चाह रहा है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.