हरियाणा में भाजपा विधायकों की बगावत के बीच सीएम फिर पहुंचे दिल्ली
हरियाणा में भाजपा कुछ भाजपा विधायकों की बगावत के कारण सरकार सकते में है। सीएम मनोहर लाल एक बार फिर दिल्ली रवाना हो गए हैं।
जेएनएन, चंडीगढ़। हरियाणा के बागी भाजपा विधायकों की गतिविधियों के बीच आज से मैराथन बैठकों का दौर शुरू होने जा रहा है। पहले दिन गुरुग्राम में भाजपा के प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की बैठक होगी। दूसरे दिन वीरवार को दिल्ली में भाजपा विधायकों, मंत्रियों और कोर ग्रुप की बैठक में प्रदेश के मौजूदा हालात पर मंथन किया जाएगा। दोनों दिन होने वाले मंथन की रिपोर्ट पार्टी हाईकमान के पास पहुंचेगी।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) रामलाल से मुलाकात करने के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल मंगलवार को फिर से दिल्ली रवाना हो गए। मुख्यमंत्री तीन दिन के दिल्ली प्रवास के बाद 17 मार्च को वापस चंडीगढ़ लौटेंगे। बुधवार को वे कुछ समय निकालकर दिल्ली से सोनीपत में आएंगे, जहां राज्य स्तरीय सम्मान समारोह में महिलाओं को सम्मानित करने के बाद दिल्ली लौट जाएंगे।
मुख्यमंत्री के दिल्ली में आरएसएस और भाजपा नेताओं से मुलाकात करने की खबरें हैैं। वे रविवार को ही दिल्ली से लौटे थे। पहले उन्होंने करनाल और फिर चंडीगढ़ में होली मनाई। होली के रंग खेलने के तुरंत बाद मंगलवार को सुबह ही दिल्ली निकल गए। भाजपा के 16 विधायकों ने सरकार के विरुद्ध मोर्चा खोल रखा है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में पार्टी की प्रचंड जीत के बाद हालांकि बागी विधायकों की गतिविधियां हल्की पड़ने का दावा किया जा रहा है, लेकिन बागियों के आकाओं ने जिस तरह से घेराबंदी कर रखी है, उसे देखकर नहीं लग रहा कि सब कुछ ठीक है।
भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री (संगठन) वी सतीश दोनों दिन पार्टी नेताओं के साथ मंथन करेंगे। उनकी रिपोर्ट राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) रामलाल और अध्यक्ष अमित शाह को जाएगी। बुधवार को गुरुग्राम में प्रदेश पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों की बैठक के बाद जिला गुरुग्राम की कार्यसमिति तथा मंडल पदाधिकारियों की बैठकें होंगी, जबकि वीरवार को दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में विधायकों, मंत्रियों और कोर ग्रुप के पदाधिकारियों की अलग-अलग बैठकों के दौर चलेंगे।
यह भी पढ़ें: हरियाणा में अब बागी भाजपा विधायकों की पसंद के लगेंगे अफसर