विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 29, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

लोकसभा चुनाव को लेकर हरियाणा BJP में मंथन; भूपेंद्र यादव, सुधा यादव और योगेश्वर दत्त की दो-दो सीटों से दावेदारी

Published: Thu, 29 Feb 2024 08:24 PM (IST)

लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election) को लेकर हरियाणा भाजपा (Haryana BJP) की पहली बैठक हो गई है। हरियाणा में लोकसभा ...और पढ़ें

भूपेंद्र यादव, सुधा यादव और योगेश्वर दत्त की दो-दो सीटों से दावेदारी
भूपेंद्र यादव, सुधा यादव और योगेश्वर दत्त की दो-दो सीटों से दावेदारी

HighLights

  1. भाजपा की प्रदेश चुनाव समिति के पास पहुंचे सभी 10 लोकसभा सीटों के दावेदारों के नाम
  2. फरीदाबाद में पूर्व उद्योग मंत्री विपुल गोयल, भिवानी में ओमप्रकाश धनखड़, अंबाला में कृष्ण बेदी की दावेदारी
  3. चार विधायकों मोहन लाल, अभय यादव, हरविंद्र कल्याण और राजेश नागर ने भी जताई लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा

अनुराग अग्रवाल, चंडीगढ़। Lok Sabha Eletion: हरियाणा भाजपा की चुनाव समिति की पहली बैठक में राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने वाले संभावित दावेदारों के नामों पर मंथन किया गया। भाजपा के लोकसभा पर्यवेक्षकों द्वारा सौंपी गई रिपोर्ट पर प्रदेश चुनाव समिति के सदस्यों ने विस्तृत चर्चा की और इसी सप्ताह दो से चार सदस्यों के नामों का पैनल तैयार कर हाईकमान को भेजने का निर्णय लिया गया। 

पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट में भाजपा के सभी मौजूदा सांसदों के नाम चुनाव लड़ने वाले दावेदार नेताओं की सूची में सबसे ऊपर है। भाजपा हाईकमान को यह फैसला लेना है कि किस मौजूदा सांसद को इस बार फिर लोकसभा चुनाव लड़वाया जाएगा और किसका टिकट काटकर किसी नये चेहरे को टिकट मिलेगा।

दो-दो लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेंगे ये दावेदार 

केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव का नाम भिवानी-महेंद्रगढ़ तथा गुरुग्राम लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने के दावेदारों में शामिल है, जबकि पहलवाल योगेश्वर दत्त का नाम भी दो लोकसभा सीटों सोनीपत व रोहतक से चुनाव लड़ने के दावेदारों में सामने आया है। पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव का नाम भिवानी-महेंद्रगढ़ तथा गुरुग्राम लोकसभा सीटों से चुनाव लड़ने के दावेदारों के रूप में सामने आया है। डा. सुधा यादव भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति व संसदीय बोर्ड की सदस्य भी हैं। भाजपा के चार मौजूदा विधायक मोहन लाल बडौली, डॉ. अभय यादव, हरविंद्र कल्याण और राजेश नागर लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए अपनी दावेदारी जता रहे हैं।

लोकसभा और पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट पर हुई चर्चा

नई दिल्ली में मुख्यमंत्री मनोहर लाल, प्रदेश चुनाव प्रभारी बिप्लब कुमार देब, सह प्रभारी सुरेंद्र नागर और प्रदेश अध्यक्ष नायब सिंह सैनी की मौजूदगी में हुई प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में लोकसभा और पर्यवेक्षकों की उस रिपोर्ट पर चर्चा की गई, जो उन्होंने जिलों में जाकर पार्टी कार्यकर्ताओं व लोगों से बातचीत के बाद तैयार की है। पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट के मुताबिक भिवानी-महेंद्रगढ़ से चुनाव लड़ने के दावेदारों में मौजूदा सांसद धर्मबीर सिंह, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, भाजपा के नेशनल सेक्रेटरी ओमप्रकाश धनखड़, पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव, पूर्व शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा, पूर्व डिप्टी स्पीकर संतोष यादव और नांगल चौधरी के विधायक डॉ. अभय यादव के नाम शामिल हैं।

विधायक राजेश नागर ने फरीदाबाद से लड़ने की दावेदारी जताई

करनाल लोकसभा सीट पर मौजूदा सांसद संजय भाटिया के अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष वेदपाल एडवोकेट, विधायक हरविंद्र कल्याण, प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्जुना गुप्ता, पूर्व विधायक रमेश कश्यप और भाजपा नेता जोगेंद्र राणा ने दावेदारी जताई है। कुरुक्षेत्र लोकसभा सीट पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं मौजूदा सांसद नायब सिंह सैनी का नाम संभावित दावेदारों में सबसे ऊपर है। लाडवा के पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी और पूर्व सांसद कैलाशो सैनी के नाम भी यहां दावेदारों की लिस्ट में शामिल हैं। फरीदाबाद लोकसभा सीट पर केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर के अलावा पूर्व उद्योग मंत्री विपुल गोयल का नाम सबसे मजबूत स्थिति में है। विपुल गोयल हरियाणा भाजपा के उपाध्यक्ष भी हैं। तिगांव के विधायक राजेश नागर ने भी फरीदाबाद से चुनाव लड़ने की दावेदारी जताई है।

अंबाला से बंतो कटारिया का नाम दावेदारों में सबसे ऊपर

अंबाला लोकसभा सीट पर दिवंगत सांसद रतनलाल कटारिया की धर्मपत्नी बंतो कटारिया का नाम दावेदारों में सबसे ऊपर है। सीएम के निवर्तमान राजनीतिक सचिव कृष्ण कुमार बेदी, पूर्व राज्यपाल सूरजभान के बेटे अरुण भान, पूर्व डीजीपी बीएस संधू और भाजपा नेता अमर सिंह अंबाला से चुनाव लड़ने के दावेदारों में शामिल हैं। सोनीपत लोकसभा सीट पर मौजूदा सांसद रमेश कौशिक के अलावा प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बडौली, सीएम के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन, पहलवान योगेश्वर दत्त और तीर्थ राणा के नाम चुनाव लड़ने के दावेदारों में शामिल बताए जा रहे हैं। रोहतक लोकसभा सीट पर मौजूदा सांसद डॉ. अरविंद शर्मा के अलावा पहलवान योगेश्वर दत्त और बीएसपी व बीजेपी से पूर्व में चुनाव लड़ चुके राज शर्मा का नाम लिया जा रहा है।

राव नरबीर, अशोक तंवर, कुलदीप और कैप्टन भूपेंद्र के नाम भी चर्चा में

गुरुगाम लोकसभा सीट के लिए केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत का नाम सबसे ऊपर है। राव के अलावा यहां केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र य़ादव, पूर्व सांसद डा. सुधा यादव और पूर्व मंत्री राव नरबीर के नाम लिए जा रहे हैं। सिरसा लोकसभा सीट के लिए मौजूदा सांसद सुनीता दुग्गल के साथ पूर्व सांसद डा. अशोक तंवर, पूर्व एडीजीपी वी कामराजा, पूर्व विधायक बलकौर सिंह और अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन रवींद्र बलियाला के नाम की दावेदारी बताई गई है। हिसार लोकसभा सीट के लिए मौजूदा सांसद बृजेंद्र सिंह का नाम चुनाव लड़ने वाले दावेदारों में सबसे ऊपर है। उनके अलावा पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई और सीएम के पूर्व ओएसडी कैप्टन भूपेंद्र के नाम भी हिसार से चुनाव लड़ने वाले दावेदारों की सूची में बताए जा रहे हैं।