विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चंडीमंदिर टोल प्लाजा पर क्या जाम से मिलेगी राहत? शिफ्टिंग को लेकर NHAI के अफसरों साथ होगी बैठक

Published: Sat, 10 Oct 2026 06:26 PM (IST)

चंडीमंदिर टोल प्लाजा को शिफ्ट करने की मांग उठी है। यहां लगने वाले जाम के कारण लोग परेशान हैं। अमरावती ...और पढ़ें

चंडीमंदिर टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम से लोग परेशान। (सांकेतिक फोटो)

चंडीमंदिर टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम से लोग परेशान। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. चंडीमंदिर टोल प्लाजा शिफ्टिंग का सुझाव।

  2. एचएमटी बाईपास के पास स्थानांतरण।

  3. मल्टी लेन फ्री फ्लो प्रणाली पर विचार।

संवाद सहयोगी, पिंजौर (पंचकूला)। चंडीमंदिर टोल प्लाजा पर लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए अब टोल प्लाजा को दूसरी जगह स्थानांतरित करने का विकल्प उठाया गया है।

अमरावती एन्क्लेव रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), पीआईयू चंडीगढ़ के परियोजना निदेशक को पत्र भेजकर प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक का समय मांगा है।

एसोसिएशन ने एचएमटी पिंजौर बाईपास के नजदीक टोल प्लाजा स्थानांतरित करने की व्यवहार्यता जांचने और आधुनिक टोल प्रणाली अपनाने का सुझाव दिया है। एसोसिएशन के प्रधान शमशेर शर्मा ने कहा कि चंडीमंदिर टोल प्लाजा पर जाम की समस्या का समाधान केवल अस्थायी उपायों तक सीमित नहीं रहना चाहिए।

इसके लिए तकनीकी और प्रशासनिक स्तर पर सभी संभावित विकल्पों का अध्ययन जरूरी है। उन्होंने एनएचएआई अधिकारियों से एसोसिएशन के सुझावों पर विस्तार से चर्चा कर स्थानीय लोगों को राहत देने के लिए व्यावहारिक और स्थायी समाधान निकालने का आग्रह किया है।

पंचकूला से पिंजौर तक आवाजाही प्रभावित

एसोसिएशन के अनुसार, टोल प्लाजा पर वाहनों की कतारों और यातायात के दबाव का असर पंचकूला, चंडीमंदिर, कालका, पिंजौर, अमरावती एन्क्लेव, डीएलएफ, ट्राइडेंट, हिमशिखा और आसपास के गांवों के लोगों पर पड़ता है।

इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में कर्मचारी, व्यापारी, विद्यार्थी और अन्य यात्री गुजरते हैं। जाम के कारण लोगों का समय प्रभावित होने के साथ यातायात व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी रहती है।

एचएमटी बाईपास के पास शिफ्ट करने का सुझाव

एसोसिएशन ने पत्र में मांग की है कि चंडीमंदिर टोल प्लाजा को मौजूदा स्थान से एचएमटी पिंजौर बाईपास के नजदीक किसी उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने की तकनीकी, प्रशासनिक और यातायात संबंधी व्यवहार्यता का विस्तृत अध्ययन कराया जाए।

एसोसिएशन का कहना है कि यदि यह विकल्प संभव पाया जाता है, तो नियमानुसार आगे की प्रक्रिया शुरू की जाए। यदि स्थानांतरण संभव नहीं है, तो मौजूदा व्यवस्था में सुधार के दूसरे विकल्प तलाशे जाएं।

मल्टी लेन फ्री फ्लो प्रणाली पर भी जोर

एसोसिएशन ने डायरेक्शनल टोल प्लाजा और मल्टी लेन फ्री फ्लो जैसी आधुनिक टोल संग्रह प्रणालियों की व्यवहार्यता जांचने का भी सुझाव दिया है। एसोसिएशन के अनुसार, इन विकल्पों का उद्देश्य टोल प्लाजा पर वाहनों की कतारों और प्रतीक्षा समय को कम करना है।

अब एसोसिएशन की मांग है कि एनएचएआई अधिकारी बैठक में इन सुझावों पर विचार करें, ताकि क्षेत्र के लोगों को रोजाना लगने वाले जाम से स्थायी राहत मिल सके।