विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हरियाणा के हिसार से चंडीगढ़ पहुंचा अफसर, होटल से पत्नी को वीडियो कॉल कर बोला-मेरी लाश ले जाओ

Published: Thu, 22 Oct 2026 01:51 PM (IST)

हिसार के एक अधिकारी ने पारिवारिक झगड़े के बाद चंडीगढ़ आकर होटल से पत्नी को वीडियो कॉल पर आत्महत्या की ...और पढ़ें

अफसर ने वीडियो काॅल कर पत्नी को आत्महत्या करने की बात कही।

अफसर ने वीडियो काॅल कर पत्नी को आत्महत्या करने की बात कही।

HighLights

  1. हिसार के अधिकारी ने चंडीगढ़ में आत्महत्या की धमकी दी।

  2. पत्नी को वीडियो कॉल कर होटल से लाश ले जाने को कहा।

  3. चंडीगढ़ पुलिस ने 23 मिनट में अधिकारी को सुरक्षित बचाया।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। परिवार से झगड़े के बाद हिसार से चंडीगढ़ आए एक अधिकारी ने तड़के वीडियो काॅल कर पत्नी को आत्महत्या करने की बात कही तो परिवार में हड़कंप मच गया।

अधिकारी ने पत्नी से यहां तक कह दिया कि उसकी डेडबॉडी सेक्टर-22 के एक होटल के कमरे से ले जाना। परिवार से मिली सूचना के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 23 मिनट में अधिकारी को होटल के कमरे से सुरक्षित ढूंढ निकाला।

कमरे से शराब की बोतलों के साथ सल्फास की खुली पुड़िया भी मिली। पुलिस अधिकारी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उन्होंने कोई जहरीला पदार्थ नहीं निगला था।

सेक्टर-17 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुदेश कुमार की अगुवाई में हुई इस त्वरित कार्रवाई से एक व्यक्ति की जान बचाने के साथ परिवार को भी बड़ी त्रासदी से बचा लिया गया।

पत्नी को वीडियो काल कर दी आत्महत्या की जानकारी

जानकारी के अनुसार, हिसार के अधिकारी का मंगलवार को परिवार के साथ झगड़ा हो गया था। इसके बाद वह गुस्से में बिना किसी को बताए चंडीगढ़ आ गए।

बुधवार तड़के उन्होंने होटल के कमरे से पत्नी को वीडियो काल की और आत्महत्या करने की बात कहते हुए अपनी डेडबॉडी होटल से ले जाने को कहा। यह सुनकर पत्नी घबरा गईं। उन्होंने तुरंत पंजाब एवं हरियाणा में प्रैक्टिस करने वाले अपने एडवोकेट बेटे को फोन कर जानकारी दी। परिवार के एक परिचित पुलिस अधिकारी को भी इसकी सूचना दी गई।

डीएसपी पी. अभिनंदन ने संभाला मोर्चा

मामले की गंभीरता को देखते हुए हिसार के अधिकारी के फैमिली फ्रेंड ने चंडीगढ़ के डीएसपी पी. अभिनंदन से संपर्क किया। डीएसपी ने तुरंत सेक्टर-17 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुदेश कुमार को सूचना देकर संबंधित अधिकारी का मोबाइल नंबर साझा किया।

इंस्पेक्टर सुदेश ने फोन मिलाया, लेकिन मोबाइल स्विच ऑफ मिला। इसके बाद उन्होंने अधिकारी के बेटे से संपर्क किया, ताकि होटल और उनकी संभावित लोकेशन का पता लगाया जा सके।

सेक्टर-37 में मिली थी आखिरी लोकेशन

अधिकारी के बेटे ने बताया कि उनके पिता की आखिरी लोकेशन सेक्टर-37 स्थित परशुराम भवन के पास मिली थी। इस जानकारी के बाद इंस्पेक्टर सुदेश कुमार ने सेक्टर-39 थाना प्रभारी जेपी सिंह से भी संपर्क किया। दूसरी ओर, उन्होंने सेक्टर-17 थाने और सेक्टर-22 पुलिस चौकी के करीब 11 पुलिसकर्मियों की टीमें बनाकर सेक्टर-22 के होटलों में तलाश शुरू करवा दी।

होटल रॉयल पार्क में मिले अधिकारी

पुलिस की टीमें एक-एक होटल में जाकर पूछताछ कर रही थीं। इसी दौरान होटल रॉयल पार्क पहुंची एक टीम को संबंधित अधिकारी मिल गए। टीम ने तुरंत इंस्पेक्टर सुदेश कुमार को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलते ही वह होटल पहुंचे और अधिकारी से बातचीत कर उन्हें शांत किया।

कमरे में शराब की बोतलों के अलावा सल्फास की खुली पुड़िया भी मिली। पुलिस ने बिना देरी किए अधिकारी को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि उन्होंने कोई जहरीला पदार्थ नहीं निगला था।

अस्पताल पहुंचे परिजन, पुलिस की तत्परता की सराहना

पुलिस की सूचना मिलने के बाद अधिकारी का बेटा भी अस्पताल पहुंच गया। समय रहते अधिकारी को तलाश लेने और उन्हें सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने से परिवार ने राहत की सांस ली। मामले में इंस्पेक्टर सुदेश कुमार और उनकी टीम की तत्परता की पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने सराहना की।